अमित पांडेय, डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने भरोसे को ही कटघरे में खड़ा कर दिया। जिस कर्मचारी पर कभी होटल की जिम्मेदारी थी, वही बाद में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

होटल ‘राजघराना’ में चोरी की वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पूरी घटना को अंजाम देते साफ नजर आ रहा है। फुटेज के आधार पर ही पुलिस ने आरोपी की पहचान कर पूर्व कर्मचारी को रायपुर से गिरफ्तार किया।

स्थानीय राजघराना होटल के मालिक प्रदीप सिसोदिया की शिकायत के मुताबिक, 5 अगस्त 2025 की आधी रात उनके होटल “राजघराना” में चोरी हुई थी। रात करीब 12:25 से 1:30 बजे के बीच पूर्व कर्मचारी नानक प्रेमचंदानी चुपचाप लॉज में घुसा और सामान समेट कर ले गया। आरोपी अपने साथ टीवीएस एक्सेल वाहन, गल्ले में रखी नकदी, कार्ड रीडर मशीन के साथ चावल, दाल और रिफाइंड तेल तक ले गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना डोंगरगढ़ में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी का पीछा करते हुए रायपुर तक पहुंच बनाई। आखिरकार पुलिस ने आरोपी नानक प्रेमचंदानी (42 वर्ष) को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 305(क) और 331(4) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों का सत्यापन और सतर्कता बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

देखें चोरी का वीडियो –