सुप्रिया पांडे, रायपुर। धान खरीदी केंद्रों में स्टॉक की कमी और अनियमितताओं पर पूर्व मंत्री शिव कुमार डहरिया ने बड़े भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि खरीदी केंद्रों में करोड़ों का धान ‘चूहे खा रहे हैं’। उन्होंने भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां कांग्रेस पक्ष के अध्यक्ष हैं, केवल वहीं कार्रवाई की जा रही है, जबकि बीजेपी के पदाधिकारी खुलेआम लूट मचा रहे हैं। भाजपा ने धान खरीदी केंद्रों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है।
अधिकारियों को फटकार पर साधा निशाना
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा द्वारा अधिकारियों को फटकार लगाए जाने के मामलों पर शिव कुमार डहरिया ने जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन’ नाम की कोई चीज नहीं रही।
शिव कुमार डहरिया ने लगाए आरोप
शिव कुमार डहरिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक आतंकवाद और अराजकता चरम पर है। आईएएस (IAS), आईपीएस (IPS) और अधिकारी किसी की बात नहीं सुन रहे हैं, यहां तक कि सत्ता पक्ष के लोगों का भी काम नहीं हो रहा है। आम जनता के काम निपटाने में किसी की रुचि नहीं है। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कोई कारवाई भी नहीं हो पा रही है। सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है।
मंत्री नेताम के बयान पर पलटवार
कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के एक बयान पर पलटवार करते हुए शिव डहरिया ने कहा कि किसके दिमाग में गोबर भरा है, यह जनता अच्छी तरह देख रही है। उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी नेता खाद की वैकल्पिक व्यवस्था की बातें तो करते हैं, लेकिन असलियत यह है कि सोसायटियों में खाद उपलब्ध ही नहीं है। किसान आज खाद और बीज के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
शराब घोटाले में ED के एक्शन पर सवाल
शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के हालिया एक्शन पर शिव डहरिया ने केंद्रीय एजेंसियों की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि ED किस तरह और किसके लिए काम कर रही है। भारतीय जनता पार्टी विपक्ष की पार्टियों को डराने और धमकाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

