वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने वर्तमान विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल की सक्रियता पर सवाल उठाया है। उन्होंने मंत्री पद की लालसा में विधायक पर विधानसभा में बिलासपुर के जनहित के मुद्दे नहीं उठाने का आरोप लगाया है।

यह भी पढ़ें : GGU ने रद्द किया BA-LLB 6th सेमस्टर का री-एग्जाम, छात्रों ने पर्याप्त समय नहीं दिए जाने पर किया था विरोध

बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के मौजूदा कार्यकाल की 8 बैठकों के बावजूद अमर अग्रवाल ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सरकार से एक भी सवाल नहीं पूछा। दरअसल, मंत्री पद की संभावित उम्मीद के कारण विधायक अमर अग्रवाल सरकार के खिलाफ सवाल उठाने से बच रहे हैं।

पूर्व विधायक ने कहा कि शहर से जुड़े जलभराव, पेयजल संकट, अपराध, ट्रैफिक, जर्जर सड़कें, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, युवाओं के रोजगार, स्वामी आत्मानंद स्कूलों का बंद होना, कोनी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, अपोलो अस्पताल में गरीबों के इलाज और हवाई सेवाओं जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे आज भी लंबित हैं, लेकिन इन्हें विधानसभा में नहीं उठाया गया।

शैलेष पांडेय ने दावा किया कि अपने विधायक कार्यकाल में कांग्रेस सरकार रहते हुए भी उन्होंने बिलासपुर के हित में 392 सवाल विधानसभा में पूछे थे। उन्होंने कहा कि विधायक का दायित्व सरकार के सामने जनता की समस्याओं को मजबूती से रखना है, न कि राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के कारण चुप रहना। इसके साथ उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर विधानसभा तक लगातार उठाती रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m