मथुरा. पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार से तीन दिवसीय ब्रज दौरे पर मथुरा पहुंच रहे हैं. वह रविवार तक वृंदावन और मथुरा के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे. उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं. पूर्व राष्ट्रपति के पूरे कार्यक्रम का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है.

इसे भी पढ़ें- बदलाव की बयारः अंबेडकरनगर को 706.81 करोड़ की विकास सौगात देंगे CM योगी, 194 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास

पहले दिन बांके बिहारी मंदिर और प्रेम मंदिर जाएंगे

रामनाथ कोविंद शुक्रवार दोपहर रुक्मिणी बिहार स्थित एक पांच सितारा होटल पहुंचेंगे. शाम को वह विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में करीब आधे घंटे तक पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद उनका काफिला प्रेम मंदिर पहुंचेगा, जहां वह दर्शन करेंगे. कार्यक्रम के बाद वह धानुका आश्रम जाएंगे और वहां आयोजित रासलीला कार्यक्रम में शामिल होंगे. रात का भोजन भी धानुका आश्रम में ही प्रस्तावित है.

दूसरे दिन अस्पताल दौरा और सिग्नेचर वृंदावन धाम का उद्घाटन

पूर्व राष्ट्रपति अपने दौरे के दूसरे दिन शनिवार को रामकृष्ण मिशन अस्पताल जाएंगे. यहां वह करीब एक घंटे तक रहेंगे. इसके बाद रुक्मिणी बिहार स्थित सिग्नेचर वृंदावन धाम के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे. शाम को वह रामकथा कार्यक्रम में भाग लेंगे और इसके बाद इस्कॉन मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे.

अंतिम दिन राधारमण मंदिर, निधिवन और सेवाकुंज के दर्शन

रविवार को अपने दौरे के अंतिम दिन रामनाथ कोविंद ज्ञान गुदरी स्थित वैजयंती आश्रम पहुंचेंगे. यहां वह कथा वाचक पुंडरीक गोस्वामी से मुलाकात करेंगे. इसके बाद वह राधारमण मंदिर, निधिवन और सेवाकुंज के दर्शन करेंगे. शाम को वह वृंदावन से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.

इसे भी पढ़ें- UP Rain Alert: 75 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट, गंगा-सरयू उफान पर, 8 की मौत

सुरक्षा के लिए प्रशासन ने किए कड़े इंतजाम

पूर्व राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए वृंदावन और मथुरा के प्रमुख मंदिरों सहित पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक व्यवस्था और मंदिरों में सुरक्षा जांच के विशेष इंतजाम किए गए हैं. प्रशासन ने अधिकारियों को सतर्क रहने और कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं.