इदरीस मोहम्मद, पन्ना। रत्नों की नगरी पन्ना के सरकोहा गांव में 7 गरीब मजदूरों की किस्मत रातों-रात बदल गई। सालों के कड़े संघर्ष और आर्थिक तंगी के बीच इन मजदूरों को खेत की उथली खदान से 16.96 कैरेट का अत्यंत दुर्लभ ‘जेम क्वालिटी’ हीरा मिला है। बाजार में इस उज्ज्वल और चमकदार हीरे की अनुमानित कीमत ₹50 लाख से अधिक बताई जा रही है।
बारिश के दौरान जायजा लेने पहुंचे और मिला बहुमूल्य रत्न
जानकारी के अनुसार, पट्टा धारक अखिलेश पाल अपने साथियों के साथ बारिश के बाद खदान की चाल का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान मिट्टी के बीच उनकी नजर एक चमचमाते पत्थर पर पड़ी। जब उसे साफ करके देखा गया तो मजदूरों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा—वह 16.96 कैरेट का बहुमूल्य हीरा था। मजदूरों ने तुरंत इस बेशकीमती हीरे को पन्ना के शासकीय हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है।
3 साथियों के सिर अब सजेगा सेहरा
इस हीरे ने न सिर्फ मजदूरों के परिवार की माली हालत सुधारी है, बल्कि उनके व्यक्तिगत जीवन की सबसे बड़ी चिंता को भी दूर कर दिया है। आर्थिक तंगी के चलते 30 से 38 वर्ष की उम्र पार कर चुके तीन साथी—संतोष, शर्मन और अरुण अब तक अविवाहित थे। इस हीरे की खोज के साथ ही उनकी शादी की राह आसान हो गई है और उनके घरों में जल्द ही शहनाई बजने वाली है।
पक्के मकान और बच्चों की शिक्षा का सपना होगा पूरा
मजदूरों ने बताया कि हीरा नीलामी से मिलने वाली राशि से वे अपने कच्चे छप्परों और टूटे-फूटे मकानों को पक्का बनाएंगे और अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलवाएंगे। नियमों के अनुसार, आने वाली शासकीय नीलामी में इस हीरे को रखा जाएगा, जहां से निर्धारित रॉयल्टी काटकर शेष पूरी रकम सातों पार्टनरों के बैंक खातों में बराबर-बराबर बांट दी जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


