रायपुर। रोटरी वर्ष 2026–27 के लिए रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन, इनर व्हील क्लब एवं कॉस्मो दिवास का स्थापना समारोह 27 जून को एलओडी बैंक्वेट, ओमाया स्क्वायर, वीआईपी रोड, रायपुर में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

समारोह में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे. आलम सिंह रूपड़ा, असिस्टेंट गवर्नर रोटे. नवीन अग्रवाल (रायपुर कॉस्मोपॉलिटन), असिस्टेंट गवर्नर रोटे. रविंद्र सीराय (कॉस्मो दिवास) सहित महाकोशल डिस्ट्रिक्ट के विभिन्न रोटरी क्लबों से आए अनेक गणमान्य रोटेरियन्स एवं अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष रोटे. मनोज अग्रवाल ने अपने कार्यकाल का समापन संबोधन देते हुए सभी सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं निवर्तमान सचिव रोटे. अमित गोयल ने वर्ष 2025–26 के दौरान क्लब द्वारा किए गए सेवा प्रकल्पों, सामाजिक गतिविधियों एवं विभिन्न आयोजनों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटे. सौरभ सोनी ने रोटरी वर्ष 2026–27 के लिए अपने विज़न एवं आगामी योजनाओं को साझा करते हुए सेवा, सदस्यता विस्तार और समाजहित में प्रभावी कार्यों का संकल्प व्यक्त किया। नवनिर्वाचित सचिव रोटे. राहुल फरमानिया एवं कोषाध्यक्ष रोटे. सौरभ अग्रवाल ने आगामी वर्ष के प्रस्तावित सेवा प्रकल्पों, सामाजिक गतिविधियों एवं क्लब की कार्ययोजना का प्रारूप प्रस्तुत किया।

समारोह के अंत में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे. आलम सिंह रूपड़ा एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में रोटरी के सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने निवर्तमान टीम को सफल कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं और समाज सेवा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने का आह्वान किया। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन, सौहार्दपूर्ण मिलन एवं रोटरी के आदर्श “सेवा ही सर्वोपरि” के प्रति नई ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m