सुशील सलाम, कांकेर। जिले के जिला पंचायत सभा कक्ष में आज सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शामिल होने के लिए सभी जिला पंचायत सदस्य पहुंचे थे। इस दौरान चार जिला पंचायत सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार करते हुए बाहर निकल गए।

बाहर आए महिला सदस्यों का कहना है कि उनकी लगातार अनदेखी की जा रही है। उनके क्षेत्रों में विकास कार्यों से जुड़ी योजनाओं पर काम नहीं हो रहा है, जिसके कारण जनता परेशान है। सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि इसी तरह उनकी उपेक्षा जारी रही तो आने वाले दिनों में वे जनता के साथ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।
जिला पंचायत सदस्य मृदुला भास्कर ने बताया कि वे काफी समय से इंतजार कर रहे थे कि अब स्थिति में सुधार होगा, लेकिन अंततः उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि हर बैठक में वे इस मुद्दे को उठाते रहे हैं। जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी भी जिम्मेदारी है कि उनके क्षेत्रों में विकास कार्य होते हुए दिखाई दें, लेकिन लगातार उनके कामों की अनदेखी की जा रही है।
मृदुला भास्कर ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक कार्यों की कई बार उन्हें सूचना तक नहीं मिल पाती। वहीं जब बैठक में मौका मिलता है तो उनके सदस्यों को अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जाता। उन्होंने यह भी आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि जिस प्रकार से उनके क्षेत्रों के विकास कार्यों की अनदेखी की जा रही है, इससे लगता है कि यहां केवल पार्टीवाद हो रहा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

