रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के धरमपुरी क्षेत्र में पुलिस की लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। धरमपुरी थाने के मोबाइल पेट्रोलिंग (पुलिस)वाहन ने तेज रफ्तार में लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में डेढ़ साल की मासूम बच्ची समेत एक ही परिवार के 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं, पीड़ित परिवार ने पुलिस वाहन चालक पर शराब के नशे में गाड़ी चलाने का गंभीर आरोप लगाया है।

बाइक सवार इलाज कराकर घर लौट रहे थे

फरियादी आदिल खान (55 वर्ष), निवासी नया मोहल्ला धरमपुरी ने बताया कि वह अपनी पत्नी रुकसाना, बेटी नूरी और डेढ़ साल की पोती हानिया के साथ बाइक पर सवार होकर धामनोद से इलाज कराकर अपने घर लौट रहे थे। जब उनकी बाइक ग्राम पिपल्दागढ़ी में कृष्णा राजपूत के मकान के सामने पहुंची, तो पीछे से आ रहे धरमपुरी थाने के शासकीय वाहन (मोबाइल वैन) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आदिल, उनकी पत्नी, बेटी और डेढ़ साल की पोती हानिया को गंभीर चोटें आई हैं। विशेष रूप से बच्ची हानिया के सिर में अंदरूनी चोट आई है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वाहन चालक और अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस वाहन चला रहे सैनिक देवेंद्र सिंह ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि आगे चल रही बाइक की रफ्तार अचानक धीमी हो गई थी, जिसके कारण यह टक्कर हुई। उनका यह भी आरोप है कि इसके बाद मौके पर मौजूद 5-6 लोगों ने शासकीय वाहन में तोड़फोड़ की और उनके साथ मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा डाली। एडिशनल एसपी विजय डावर ने बताया कि एक्सीडेंट के मामले में पुलिस वाहन चालक सैनिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

शराब की पुष्टि के लिए मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

शासकीय वाहन में तोड़फोड़ के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिसकर्मियों के शराब पीकर वाहन चलाने के आरोपों को लेकर एसडीओपी (SDOP) से जांच रिपोर्ट मांगी गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की एफआईआर पर जांच शुरू कर दी है, और शराब के सेवन की पुष्टि के लिए मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m