दीपक कौरव, नरसिंहपुर/ सतीश दुबे, डबरा, अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश में तेज रफ्तार और बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहनों के कारण एक बार फिर कई हंसते-खेलते परिवार उजड़ गए। प्रदेश के नरसिंहपुर, डबरा और शहडोल में हुए तीन भीषण सड़क हादसों में पति-पत्नी समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसों से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने नरसिंहपुर में हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
ये भी पढ़ें: नर्मदापुरम में खौफनाक वारदात: खेत में सो रही बुजुर्ग महिला पर ईंट से जानलेवा हमला, जेवर लूटकर भागे बदमाश
नरसिंहपुर: NTPC के ओवरलोड डंपर ने बाइक सवार को रौंदा
पहली बड़ी घटना नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा-तेंदूखेड़ा स्टेट हाईवे की है। यहां एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का सब्र टूट गया।
ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर नियमों के विरुद्ध बेलगाम और ओवरलोड NTPC के डंपर दौड़ते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।

डबरा : तेज रफ्तार ट्रक ने पति-पत्नी को कुचला, मौके पर ही थमी सांसें
दूसरा दर्दनाक हादसा डबरा सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर सेकरा गांव के पास हुआ। यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को बेरहमी से रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। मृतक पति-पत्नी पड़ोसी जिले दतिया के निवासी बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर डबरा सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: बेटियों के रिश्ते में रोड़ा बनी शराब! नशे के व्यापार के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा, तस्कर को पकड़ा, फिर…
शहडोल: अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई बाइक, युवक की मौके पर मौत
तीसरी दुर्घटना शहडोल जिले के सीधी थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां ओदारी नदी नर्सरी के पास एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे पेड़ से जा टकराई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक भजन लाल, कुदरी से सीधी की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। पेड़ से टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भजन लाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


