आरिफ शेख, श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से सामाजिक व्यवस्था और पुलिस की लापरवाही को उजागर करती एक बेहद हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है। कोतवाली थाना इलाके के मछली मार्केट में धड़ल्ले से बिक रही अवैध शराब से परेशान महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं का दर्द है कि इस अवैध शराबखोरी के कारण उनके बच्चों के भविष्य और शादियों पर संकट आ गया है। मोहल्ले का माहौल इतना खराब है कि रिश्ता लेकर आने वाले लोग शराबखोरी देखकर उल्टे पैर वापस लौट जाते हैं।
ये भी पढें: गजब का विकास: गांव के हैंडपंप खराब, अब कब्रिस्तान के पानी से बुझ रही ग्रामीणों की प्यास!
‘शराब दुकान हटी लेकिन 4 जगहों से बिक रही अवैध शराब’
मछली मार्केट क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं रविवार देर रात एकजुट होकर सड़क पर उतरीं और प्रदर्शन किया। महिलाओं ने बताया कि पहले इस इलाके में एक सरकारी शराब दुकान संचालित होती थी। जिसका पुरजोर विरोध करने के बाद उसे वहां से हटा दिया गया था लेकिन अब स्थिति और बदतर हो चुकी है। दुकान हटने के बाद अब क्षेत्र में चार अलग-अलग गुप्त ठिकानों से धड़ल्ले से अवैध शराब बेची जा रही है।
रिश्ता लेकर आने वाले लोग लौट जाते हैं वापस
महिलाओं ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि शराब खरीदने और पीने वाले लोग देर रात तक उनके मोहल्ले में मजमा लगाए रहते हैं। शराब पीकर सरेआम गाली-गलौज और हुड़दंग मचाया जाता है, जिससे बहू-बेटियों और बच्चों का घर से निकलना तक दूभर हो गया है। सबसे बड़ी त्रासदी यह है कि जब भी कोई बाहर से बच्चों का रिश्ता लेकर इस मोहल्ले में आता है, तो यहां का माहौल और फैली हुई शराबखोरी देखकर शादी की बात आगे बढ़ाए बिना ही वापस लौट जाता है। इस वजह से युवाओं के रिश्ते टूट रहे हैं।
महिलाओं ने तस्कर को रंगे हाथों पकड़ा, 1 घंटे बाद भी नहीं आई पुलिस
अवैध शराब की इस लत से त्रस्त महिलाओं ने खुद मोर्चा संभाला और प्रदर्शन के दौरान एक शराब तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा। महिलाओं ने तुरंत कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी लेकिन हद तो तब हो गई जब सूचना देने के एक घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस की इस सुस्ती का फायदा उठाकर आरोपी शराब तस्कर महिलाओं के चंगुल से छूटकर भागने में कामयाब रहा।
ये भी पढें: लोकायुक्त के जाल में फंसा घूसखोर पटवारी, प्लॉट नामांतरण के लिए मांगी थी रिश्वत, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
तस्कर के भागने और पुलिस के न पहुंचने से नाराज महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। इस पूरी झड़प का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद श्योपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

