दीपक भारद्वाज , पलवल। पलवल जिले में केजीपी अलीगढ़ रोड स्थित पेलक-सिहोल टोल प्लाजा पर रंगदारी मांगने और सुपरवाइजर पर जानलेवा हमला करने के मामले में सीआईए होडल ने चौथे आरोपी मनीष निवासी हसनपुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार टोल प्लाजा सुपरवाइजर गौरव ने थाना चाँदहट में शिकायत दर्ज कराई थी कि धर्मेंद्र उर्फ मालिया और उसके साथी पिछले 7-8 महीनों से टोल संचालन के बदले ₹50,000 प्रतिमाह रंगदारी मांग रहे थे। 2 मार्च 2026 को आरोपियों ने हथियारों के साथ ऑफिस में घुसकर गौरव पर हमला किया। हमले में डंडे, हथौड़े, फावड़े और देसी कट्टे के बट का इस्तेमाल किया गया, जिससे गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आरोपी बलेनो, आई-20 और स्कॉर्पियो गाड़ियों में फरार हो गए थे। पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी धर्मेंद्र उर्फ मालिया, तरुण उर्फ अरुण और अभिषेक उर्फ अब्बू को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल वाहन और हथियार बरामद कर लिए थे।
एसपी पलवल नीतीश अग्रवाल ने मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जिले में रंगदारी और बदमाशगिरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

