चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में लोन दिलाने के नाम पर व्यापारियों के साथ ठगी की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला जूनी इंदौर थाना क्षेत्र का है, जहां एक कॉस्मेटिक दुकान संचालिका को बैंक का लोन एजेंट बनकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शहर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी और अभद्रता का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक कॉस्मेटिक दुकान का संचालन करने वाली महिला को अपना कारोबार बढ़ाने के लिए पैसों की आवश्यकता थी, जिसके चलते वह लोन लेना चाहती थी। इसी दौरान उनकी पहचान राजोरिया और राखी सोनी से हुई। आरोपियों ने महिला को विश्वास दिलाया कि वे नर्मदा झाबुआ ग्रामीण बैंक (शाखा- पलड़ा, नेमावर रोड) से आसानी से लोन दिलवा देंगे। इसके बाद महिला ने सभी आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर लोन की प्रक्रिया शुरू की।

बैंक खाते से बिना अनुमति निकाले रुपये

जांच में सामने आया कि 14 जुलाई को पीड़िता जब बैंक गईं और वहां से 2 लाख रुपये की राशि निकाली, तो पासबुक में एंट्री कराने पर पता चला कि उनके खाते से 9 जुलाई को ही बिना अनुमति के 1.50 लाख रुपये निकाले जा चुके थे। इसके बाद आरोपी कुंदन पीड़िता के पास पहुंचा और लोन दिलाने के नाम पर 1.90 हजार रुपये लेकर चला गया। हालांकि, बाद में 27 अगस्त को एक अन्य बैंक खाते से 1.50 लाख रुपये पीड़िता के खाते में ट्रांसफर भी किए गए।

विरोध करने पर मारपीट और धमकी

जब पीड़िता ने इस पूरे मामले को लेकर आरोपी पक्ष से पूछताछ की, तो मुख्य आरोपी कुंदन महिला के घर पहुंच गया। वहां उसने महिला के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की। साथ ही, आरोपी ने उनके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी।

पुलिस कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए जूनी इंदौर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकाने और अन्य सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, पुलिस मामले की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m