इमरान खान, खंडवा। जिले के ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में श्रद्धालुओं से VIP दर्शन के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बीते 8 दिनों में ऐसे दो मामलों का खुलासा हुआ है, जिससे मंदिर व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन ने कहा है कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जा रही है। लोगों से भी अपील है कि अनाधिकृत लोगों के झांसे में न आएं।
दोबारा प्रिंट कर बेचने का मामला
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में ठगी के मामलों की बात करें तो पहले मामले में मंदिर के कर्मचारियों द्वारा VIP दर्शन के बैंड दोबारा प्रिंट कर बेचने का मामला सामने आया। सीसीटीवी फुटेज और लिखित शिकायत के आधार पर गणेश वास्कले, नरेंद्र भास्कले, शुभम दुबे और चमन सिंह चौहान के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि सूरत से आए श्रद्धालुओं के लिए जारी किए गए बैंड अनधिकृत रूप से नोएडा के यात्रियों को पहना दिए गए। वहीं, दूसरे मामले में ओडिशा से आए श्रद्धालुओं के साथ ऑनलाइन ठगी हुई।
मंदिर की छवि कर रहे खराब
आरोपी घनश्याम शर्मा ने VIP दर्शन कराने के नाम पर 17 श्रद्धालुओं से 6800 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। जब श्रद्धालु प्रोटोकॉल ऑफिस पहुंचे तब उन्हें ठगी का पता चला। श्रद्धालुओं का कहना है कि VIP दर्शन के नाम पर खुलेआम लूटपाट हो रही है और कुछ लोग भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर की छवि भी खराब कर रहे हैं। इससे पहले भी ऐसे मामलों में कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद ठगी का गोरखधंधा थमने का नाम नहीं ले रहा।
दर्शन पास केवल shriomkareshwar.org वेबसाइट
खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि ठगी के मामलों में कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि शीघ्र दर्शन पास केवल shriomkareshwar.org वेबसाइट से ही 300 रुपए में जारी किए जाते हैं। अनाधिकृत लोगों से संपर्क करने से बचें।

