चंडीगढ़: शहर में ‘पेट्रोल का लंगर’ लगाने के ऐलान के बाद मुफ्त पेट्रोल के कूपनों की मांग बढ़ गई है। इसी बीच पेट्रोल कूपनों में फर्जीवाड़े का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। सेक्टर-7 स्थित सिद्धू पेट्रोल पंप पर जांच के दौरान 2500, 1000 और 500 रुपये मूल्य के नकली कूपन पकड़े गए। मामला सामने आने के बाद इन तीनों राशि वाले कूपनों को बंद कर दिया गया है।

अब चंडीगढ़ के पेट्रोल पंपों पर सिर्फ 300 रुपये वाले कूपन ही स्वीकार किए जाएंगे। आयोजकों की ओर से पेट्रोल पंप संचालकों को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं।

कूपनों के कागज से हुआ शक

जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप संचालकों को कारोबारी राकेश त्रेहन उर्फ राजा दी किंग की ओर से दिए जा रहे कूपनों और पंप पर इस्तेमाल किए जाने वाले कूपनों के कागज में अंतर दिखाई दिया। राजा दी किंग की ओर से दिए गए कूपन मोटे कागज पर छपे थे, जबकि पेट्रोल पंप पर इस्तेमाल होने वाले कूपन हल्के कागज के थे।

कागज में अंतर देखकर पेट्रोल पंप संचालकों को कूपनों पर शक हुआ। उन्होंने इस संबंध में राजा दी किंग से संपर्क किया और उन्हें मामले की जानकारी दी।

आयोजक खुद पेट्रोल पंप पहुंचे

मामले की जानकारी मिलने के बाद राजा दी किंग खुद पेट्रोल पंप पर पहुंचे। वहां कूपनों की जांच की गई। जांच के दौरान सामने आया कि 2500, 1000 और 500 रुपये मूल्य के कुछ कूपन नकली छापे गए थे।

फर्जी कूपन सामने आने के बाद आयोजकों ने तत्काल इन तीनों राशि वाले कूपनों को बंद करने का फैसला लिया। अब पेट्रोल पंप संचालकों को केवल 300 रुपये वाले कूपन स्वीकार करने के निर्देश दिए गए हैं।

फ्री पेट्रोल को लेकर बढ़ी है चर्चा

दरअसल, चंडीगढ़ में ‘पेट्रोल का लंगर’ लगाने के ऐलान के बाद से मुफ्त पेट्रोल कूपनों को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता है। बड़ी संख्या में लोग इन कूपनों का इस्तेमाल करने पेट्रोल पंपों तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में नकली कूपन सामने आने के बाद आयोजकों और पेट्रोल पंप संचालकों ने सतर्कता बढ़ा दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m