अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में निवेश के नाम पर लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर कथित आर्थिक ठगी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक शहडोल ने लंबित वित्तीय अपराधों की समीक्षा करते हुए इस मामले को गंभीरता से लिया है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं प्रभावी विवेचना के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। साथ ही जांच टीम को वित्तीय लेन-देन की गहन पड़ताल कर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
READ MORE: लहूलुहान पिता को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा बेटा, कुल्हाड़ी-फरसे से हमले पर पुलिस की खामोशी से फूटा गुस्सा
बुढ़ार थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी मूनयन सिंह द्वारा 19 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई गई थी,शिकायत की जांच के दौरान संबंधित व्यक्तियों के बयान और दस्तावेजों के परीक्षण में प्रथम दृष्टया यह तथ्य सामने आया कि GNS फाइनेंस सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से लोगों को अधिक लाभ का प्रलोभन देकर निवेश कराया गया, इतना ही नहीं, ग्राहकों की अनुमति के बिना उनके डिमैट खातों में ट्रेडिंग कर आर्थिक नुकसान पहुंचाने के भी आरोप सामने आए हैं।
READ MORE: MP Police नशामुक्ति अभियान: DIG और SP ने स्कूली छात्रों को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ
जांच में पर्याप्त आधार मिलने के बाद थाना बुढ़ार पुलिस ने 20 जुलाई 2026 को सुखनंदन यादव, मुकेश यादव, सरोज यादव, विजय पाल तथा मोहम्मद अबीम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 21 जुलाई को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गठित विशेष जांच दल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, बैठक में साक्ष्य संकलन, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच, तकनीकी विश्लेषण तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए बिंदुवार निर्देश दिए गए।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी वित्तीय दस्तावेजों, निवेश रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान अन्य पीड़ितों या अतिरिक्त आरोपियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल विशेष जांच दल आरोपियों की तलाश में जुटा हुआ है और पूरे मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


