अजयारविंद नामदेव, शहडोल। साइबर ठग अब रिश्तेदारी और पहचान का भरोसा जीतकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। शहडोल के सिंहपुर थाना क्षेत्र में ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां ठग ने खुद को कोतमा का अग्रवाल बताते हुए फोन किया। बेटी की तबीयत खराब होने और डॉक्टर को पैसे देने की कहानी सुनाकर पीड़ित को झांसे में लिया, फिर मोबाइल पर लिंक भेजकर महज कुछ ही देर में 65 हजार रुपये की ऑनलाइन चपत लगा दी। ठगी का एहसास तब हुआ, जब आरोपी रकम ट्रांसफर कराने के बाद मोबाइल बंद कर दिया ।
जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के जोधपुर निवासी 42 वर्षीय विकास गुप्ता के साथ ठग ने परिचित बनकर बात की और बेटी की तबीयत खराब होने का हवाला देकर डॉक्टर के खाते में पैसे ट्रांसफर करने की बात कही। बातचीत के दौरान ठग ने पहले 45 हजार और फिर 55 हजार रुपये के मैसेज भेजकर पीड़ित को विश्वास में लेने की कोशिश की। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विकास गुप्ता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया, फोन करने वाले ने पूछा कि क्या वह उसे पहचानते हैं। पीड़ित ने पहचानने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने खुद को कोतमा, जिला अनूपपुर का अग्रवाल बताते हुए बातचीत शुरू की। इसके बाद आरोपी ने कहा कि उसका मोबाइल खराब होने वाला है और उसकी बेटी की तबीयत खराब है। डॉक्टर के खाते में पैसे ट्रांसफर करने हैं, इसलिए वह उसके खाते में रकम भेज रहा है।
आरोपी ने पीड़ित के मोबाइल पर 45 हजार और 55 हजार रुपये के टेक्स्ट मैसेज भी भेजे। इसके बाद आरोपी ने फोन पर एक लिंक भेजकर उसे खोलने और उसमें बताए अनुसार प्रक्रिया करने को कहा। पीड़ित ने लिंक खोला तो वह एक बैंकिंग पेज के रूप में दिखाई दिया। आरोपी के कहने पर विकास गुप्ता ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 65 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
शिकायत के मुताबिक रकम 20 हजार, 15 हजार और 30 हजार रुपये के तीन लेनदेन में भेजी गई। इन ट्रांजेक्शन के UTR नंबर भी शिकायत में दर्ज किए गए हैं। रकम ट्रांसफर होने के बाद आरोपी ने पीड़ित से मोबाइल की स्क्रीन के स्क्रीनशॉट भेजने को कहा। कुछ देर बाद उसने मोबाइल बंद कर दिया,तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
शिकायतकर्ता ने सिंहपुर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन से जुड़े रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


