कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। अगर आप बागवानी के शौकीन है और विशेषज्ञों से इसके बारे में जानकारी प्राप्त करना चाहते है तो हरियाणा सरकार आपके लिए सुनहरा मौका लेकर आई है। सरकार किसानों और युवाओं को आधुनिक खेती की तकनीकों से जोड़ने के लिए बागवानी क्षेत्र में नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कर रही है। उद्यान विभाग द्वारा महेंद्रगढ़ के सुंदरह स्थित एकीकृत बागवानी विकास केंद्र में प्रदेशभर के किसानों को अलग-अलग बागवानी तकनीकों की पांच दिवसीय ट्रेनिंग दी जाएगी।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ अधिक लाभ देने वाली बागवानी फसलों, जैविक खेती और संरक्षित खेती के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रशिक्षण में किसानों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक तकनीकों की जानकारी भी दी जाएगी।

इन विषयों पर होगी ट्रेनिंग

सब्जियों की खेती के लिए 7 से 11 सितंबर 2026 और 14 से 18 दिसंबर 2026 तक, मशरूम उत्पादन एवं तकनीकों की ट्रेनिंग 14 से 18 सितंबर, 5 से 9 अक्टूबर और 2 से 6 नवंबर 2026 तक एवं बागवानी फसलों की जैविक खेती का प्रशिक्षण 12 से 16 अक्टूबर 2026 तक होगा। इसके अलावा ओपन फील्ड में बागवानी फसलों के उत्पादन की ट्रेनिंग 16 से 20 नवंबर और 7 से 11 दिसंबर 2026 तक दी जाएगी।

नर्सरी और फल उत्पादन की भी ट्रेनिंग

नर्सरी प्रबंधन के लिए हरियाणा बागवानी नर्सरी नियम-2026 के तहत विशेष प्रशिक्षण सत्र होंगे। ये प्रशिक्षण 30 नवंबर से 4 दिसंबर 2026, 28 दिसंबर 2026 से 1 जनवरी 2027, 18 से 22 जनवरी, 1 से 5 फरवरी और 15 से 19 फरवरी 2027 तक आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा नए बाग लगाने और फल उत्पादन बढ़ाने की तकनीकों पर  4 से 8 जनवरी 2027 तक पांच दिवसीय प्रशिक्षण होगा।

18 से 60 वर्ष के किसान कर सकते हैं आवेदन

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार ट्रेनिंग के लिए हरियाणा के सभी जिलों के 18 से 60 वर्ष की आयु के किसान प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन उद्यान विभाग के पोर्टल kaushal.hortharyana.gov.in के माध्यम से किया जा सकता है।

प्रत्येक बैच की ट्रेनिंग के लिए 20 सीटें निर्धारित की गई हैं और अभ्यर्थियों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा। प्रशिक्षण के दौरान रात्रि ठहरने की व्यवस्था नहीं होगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के पहले दिन आधार कार्ड और परिवार पहचान पत्र (PPP) की फोटोकॉपी जमा करनी होगी। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक किसान ट्रेनिंग इंचार्ज डॉ. मुकेश शिवरान से 9983414484 या 8076830135 पर संपर्क कर सकते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m