अजयारविंद नामदेव, शहडोल। देशभर में NEET परीक्षा को लेकर सवाल और विरोध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसी बीच मध्यप्रदेश के शहडोल से भी NEET रिजल्ट को लेकर एक नया मामला सामने आया है। यहां एक छात्रा ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी NTA पर परिणाम में गंभीर गड़बड़ी का आरोप लगाया है। छात्रा का दावा है कि उसके वास्तविक अंक और घोषित परिणाम में करीब 212 अंकों का अंतर है। उसने NTA से अपनी स्कैन OMR शीट उपलब्ध कराने और पूरे परिणाम की दोबारा जांच की मांग की है। हालांकि फिलहाल NTA की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
शहडोल जिले के बकहो नगर परिषद क्षेत्र की छात्रा पारुल यादव ने NEET परीक्षा परिणाम पर सवाल उठाए हैं। परिजनों के मुताबिक परीक्षा के बाद OMR के आधार पर कई बार उत्तरों का मिलान किया गया, जिसमें छात्रा के लगभग 593 अंक बन रहे थे, लेकिन NTA द्वारा जारी अंतिम परिणाम में उसे 720 में से केवल 381 अंक मिले। यानी दोनों आंकड़ों के बीच करीब 212 अंकों का अंतर है। परिजनों का कहना है कि इतना बड़ा अंतर सामान्य नहीं हो सकता और परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया में त्रुटि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
छात्रा का कहना है कि परीक्षा के बाद वह अपनी आधिकारिक OMR शीट डाउनलोड नहीं कर सकी, जिसके कारण वह उत्तरों का सत्यापन भी नहीं कर पा रही है। उसने NTA को ईमेल भेजकर अपनी स्कैन OMR शीट उपलब्ध कराने, उत्तरों का पुनः सत्यापन करने और परिणाम की दोबारा जांच की मांग की है। छात्रा ने यह भी कहा है कि इस विवाद के कारण वह मानसिक तनाव में है और उसके शैक्षणिक भविष्य पर असर पड़ सकता है। हालांकि, अब तक ऐसा कोई आधिकारिक प्रमाण सामने नहीं आया है जिससे यह सिद्ध हो सके कि NTA से परिणाम जारी करने में कोई त्रुटि हुई है। ऐसे में अब सभी की नजर NTA की प्रतिक्रिया और जांच पर टिकी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


