उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान कार्य में जुटे बूथ लेवल ऑफिसर्स को मोबाइल डाटा रिचार्ज के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा 350 का भुगतान किया जाएगा. मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी वी आर सी पुरुषोत्तम की विशेष पहल पर प्रदेश के सभी 11733 बीएलओ को मोबाइल रिचार्ज के लिए भुगतान के बाबत आदेश जारी कर दिए गए हैं.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी वी आर सी पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू हो गई है. इस दौरान बीएलओ 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म बांटेंगे. इस एक महीने के फेज में बीएलओ द्वारा मतदाताओं से प्राप्त भरे हुए गणना फॉर्म्स को “बीएलओ ऐप” के माध्यम से डिजिटलाइज किया जाएगा. इस पूरी प्रक्रिया में BLO को मोबाइल डाटा प्लान की कमी ना आए, इसी बात को ध्यान में रखते हुए बीएलओ को एक महीने का मोबाइल रिचार्ज प्लान के लिए धनराशि देने का निर्णय लिया गया है.

इसे भी पढ़ें : उत्तराखण्ड साहित्य, संस्कृति और सृजन की भूमि, जिसने सदैव देश-विदेश के साहित्य प्रेमियों को आकर्षित किया- धामी

बता दें कि भारत निर्वाचन आयोग ने तीसरे चरण में 19 राज्यों के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की घोषणा कर दी है. उत्तराखण्ड राज्य में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर SIR प्रक्रिया संपन्न की जाएगी. मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि आयोग की ओर से जारी निर्देशों के क्रम में उत्तराखण्ड में 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्र की प्रिंटिग, कर्मचारियों के प्रशिक्षण सम्बंधी कार्य सम्पादित किए जाएंगे. 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक BLOs घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण एवं संकलन करेंगे.

उत्तराखण्ड में 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा. इसी क्रम में 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच दावे और आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया गया है. इसी बीच 10 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक सभी नोटिस जारी कर दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा. आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा. CEO ने बताया कि उत्तराखण्ड में 11,733 पोलिंग बूथ के सापेक्ष वर्तमान में प्रदेश में राजनीतिक दलों द्वारा 21,808 BLAs की तैनाती कर दी गई है. इस संबंध में आज अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस ब्रीफिंग की.