आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने राम मंदिर में चोरी की घटना के विरोध में देशव्यापी सिग्नेचर कैंपेन (signature campaign) चलाने और सुंदरकांड पाठ (Sundarkand recitations) आयोजित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य चोरी के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करना और लोगों को इस मुद्दे पर एकजुट करना है। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि रविवार को सुबह 10 बजे दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-10 स्थित जेएमडी टेंट, जापानी पार्क में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद हनुमान जी का आशीर्वाद लेकर देशभर में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान राम मंदिर में चोरी के दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर चलाया जाएगा। पार्टी का कहना है कि देशभर के नागरिकों से हस्ताक्षर कराकर इस मांग को व्यापक जनसमर्थन दिया जाएगा।

अपने पत्र में केजरीवाल ने लिखा कि करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी छोटी-बड़ी बचत से श्री राम मंदिर के निर्माण में योगदान दिया था। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने तो अपनी पूरी जिंदगी की जमा-पूंजी मंदिर निर्माण के लिए दान कर दी और अधिकांश लोगों ने इसकी रसीद तक नहीं मांगी, क्योंकि उनका विश्वास था कि यह भगवान का घर है और वहां हिसाब मांगने का सवाल ही नहीं उठता। केजरीवाल ने पत्र में कहा कि अब सामने आई चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं के उसी विश्वास को गहरी ठेस पहुंचाई है। उनका कहना है कि यह केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि देशभर के करोड़ों राम भक्तों की भावनाओं और आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि लोगों का विश्वास कायम रहे और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

‘महा पापियों को सजा दिलाने’ का अभियान चलाएगी AAP

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब हर सनातनी हिंदू का कर्तव्य है कि जिन लोगों पर उन्होंने श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग के लिए आगे आए। उन्होंने कहा कि जो लोग इस अभियान में शामिल होंगे, उन पर प्रभु श्रीराम की कृपा बनी रहेगी। केजरीवाल ने घोषणा की कि इस रविवार को दिल्ली में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि पाठ के बाद इस विषय पर चर्चा होगी कि श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित दोषियों के खिलाफ आगे क्या कदम उठाए जाएं।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत एक हस्ताक्षर अभियान (सिग्नेचर कैंपेन) भी चलाया जाएगा। इसमें राम भक्त एक पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे, जिसे बाद में प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े भूमि सौदों में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि 2 करोड़ रुपये मूल्य की एक जमीन को 18 करोड़ रुपये में खरीदा गया, जिसके दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि इन कथित आरोपों के बावजूद अब तक न तो कोई जांच शुरू हुई है, न एफआईआर दर्ज की गई है और न ही किसी की गिरफ्तारी हुई है।

जांच क्यों नहीं हो रही?

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर निर्माण से जुड़े ठेकों और निर्माण कार्यों को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए गए हैं, लेकिन उनकी निष्पक्ष जांच नहीं हो रही। उन्होंने दावा किया कि कुछ इंजीनियरों ने निर्माण कार्यों में कथित तौर पर 40 प्रतिशत कमीशन मांगे जाने के आरोप लगाए हैं, फिर भी इन आरोपों की जांच नहीं कराई गई। केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और चढ़ावे की चोरी के मामलों में भी अब तक कोई जांच नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कथित तौर पर सीसीटीवी कैमरों में कई घटनाएं दर्ज होने के बावजूद उन पर कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में केवल कुछ छोटे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जबकि बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब जनता को अपनी आवाज उठानी होगी और इस मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखनी होगी। इसी क्रम में केजरीवाल ने घोषणा की कि 12 जुलाई (रविवार) सुबह 10 बजे रोहिणी के जेएमडी टेंट, जापानी पार्क, सेक्टर-10 में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं और राम भक्तों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि पाठ के बाद हनुमान जी का आशीर्वाद लेकर एक हस्ताक्षर अभियान (सिग्नेचर कैंपेन) शुरू किया जाएगा।

देश भर में चलाया जाएगा सिग्नेचर कैंपेन

केजरीवाल ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक पत्र पर आम नागरिकों से हस्ताक्षर कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। साथ ही दिल्ली समेत देश के विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में हनुमान चालीसा के पाठ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे, हनुमान जी और प्रभु श्रीराम की आरती करेंगे और उसके बाद श्रद्धापूर्वक प्रधानमंत्री के नाम तैयार किए गए पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे। इसके बाद सभी हस्ताक्षरित पत्र प्रधानमंत्री को भेजे जाएंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m