रांची। झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सह राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल सोमवार को अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचे। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका झारखंड का पहला दौरा है। रांची एयरपोर्ट पहुंचते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उलिहातू से शुरू हुआ दौरा

एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद गजेंद्र सिंह पटेल सीधे खूंटी के उलिहातू के लिए रवाना हुए। यहां वे भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उनके साथ प्रदेश सह प्रभारी सौरव सिंह और निवेदिता सिंह भी मौजूद हैं।

उलिहातू में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद प्रदेश प्रभारी खूंटी भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे वे पार्टी के एक कार्यकर्ता के घर भोजन करेंगे।

BJP प्रदेश कार्यालय में होगा स्वागत समारोह

दोपहर करीब 1:45 बजे गजेंद्र सिंह पटेल रांची स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां उनके स्वागत में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक वे प्रदेश पदाधिकारियों और ‘सेवा संकल्प अभियान’ की राज्य टीम के साथ संयुक्त बैठक करेंगे।बैठक में संगठन से जुड़े मुद्दों, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की गतिविधियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

कौन हैं गजेंद्र सिंह पटेल?

गजेंद्र सिंह पटेल मध्य प्रदेश के खरगोन से भाजपा सांसद हैं। छात्र जीवन से ही उन्होंने संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भाजपा युवा मोर्चा, वनवासी कल्याण परिषद और भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा में काम कर चुके हैं। अब पार्टी ने उन्हें लक्ष्मीकांत वाजपेयी की जगह झारखंड का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है।

2029 के मिशन के लिए BJP का संगठन पर फोकस

झारखंड में 2029 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने संगठन में बड़े बदलाव किए हैं। पार्टी ने प्रदेश से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक कई अहम जिम्मेदारियां नए चेहरों को सौंपी हैं।

सौदान सिंह को झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का क्षेत्रीय संगठन प्रभारी बनाया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय को झारखंड का प्रदेश संगठन महामंत्री बनाया गया है।

इसके अलावा झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री रहे कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। संगठन में हुए इन बदलावों के बाद अब नए प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल के पहले दौरे को पार्टी की आगामी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।