रांची। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुंचकर गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 2 अक्टूबर भारत के इतिहास का ऐसा दिन है, जिसे देश के अस्तित्व तक भुलाया नहीं जा सकता। यह दिन देश की दो महान विभूतियों की जयंती का साक्षी है और हर वर्ष की तरह इस बार भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए जा रहे हैं।
बापू का जीवन दर्शन मानवता को देता रहेगा मार्गदर्शन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि भारत का इतिहास महान विभूतियों के योगदान से समृद्ध रहा है। इन महापुरुषों ने अपने विचारों और आदर्शों से देश और समाज को दिशा दी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचार और उनका जीवन दर्शन युगों-युगों तक मानवता का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार गांधीजी के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और उसके सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करने के लिए संकल्पित है।
जतरा टाना भगत के संघर्ष को भी किया याद
मुख्यमंत्री ने टाना भगत आंदोलन के प्रणेता जतरा टाना भगत को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि जतरा टाना भगत ने अन्याय और शोषण के खिलाफ अहिंसा, सत्य और सामाजिक सुधार का रास्ता अपनाकर जनजागरण का नेतृत्व किया। उनके संघर्ष और विचार आज भी प्रासंगिक हैं।सीएम ने लोगों से जतरा टाना भगत के बताए मार्ग और उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने गांधी के अहिंसा के संदेश को बताया प्रासंगिक
गांधी जयंती पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने भी महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने अहिंसा, प्रेम और सत्य के माध्यम से भारत को स्वतंत्रता का रास्ता दिखाने के साथ पूरी दुनिया को शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया।
उन्होंने गांधीजी के दक्षिण अफ्रीका प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि डरबन से पीटरमैरिट्जबर्ग और प्रिटोरिया तक का सफर उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। पीटरमैरिट्जबर्ग में उनके साथ हुआ अपमान उनके लिए केवल व्यक्तिगत घटना नहीं रहा, बल्कि उन्होंने इसे प्रत्येक भारतीय के अपमान के रूप में देखा। इसके बाद रंगभेद के खिलाफ उनका संघर्ष और तेज हुआ।
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन समेत कई जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

