उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा पर सवाल उठाते हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP को बचाने, सबूत नष्ट किए जाने के आरोपों और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी के भाजपा के मंच पर नारे लगाने को लेकर मुख्यमंत्री से जवाब मांगा है. गोदियाल ने पूछा कि अंकिता को न्याय कब मिलेगा?
केंद्र और प्रदेश, दोनों जगह भाजपा की सरकार है, फिर भी भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा निकाल रही है. मुख्यमंत्री जी, आपने राहुल गांधी जी के अजीत डोभाल जी पर दिए गए बयान पर सवाल उठाया है, तो उसका जवाब भी सुन लीजिए. राहुल गांधी जी ने जिन मुद्दों पर सवाल उठाए, समय ने एक-एक करके उनकी सच्चाई सामने रखी है. चाहे अजीत डोभाल जी, प्रधानमंत्री जी और अमित शाह जी की नीतियों का मामला हो या एपस्टीन फाइल का मुद्दा.
इसे भी पढ़ें : दलेर मेहंदी विवाद: मंत्री सुबोध उनियाल का आक्रामक रुख, बोले- इस्तीफा मंजूर माफी नहीं, हड़कंप
धामी जी, मैं आपका नाम लेकर पूछ रहा हूं अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP को बचाने के लिए सबूत नष्ट किए जाने के आरोपों पर आपका जवाब क्या है? अंकिता के रिजॉर्ट के कमरे को तोड़ने के आदेश क्यों दिए गए?
आप लोकतंत्र बचाने की बात करते हैं, जबकि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भाजपा के मंचों पर ‘भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद’ के नारे लगा रही हैं. विधानसभा अध्यक्ष का काम किसी दल का प्रचार करना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा करना है. मुख्यमंत्री जी, इधर-उधर की बातें छोड़िए और जनता के सवालों का जवाब दीजिए. अंकिता को न्याय कब मिलेगा? मुख्यमंत्री पद का लबादा ओढ़कर आप कब तक इन सवालों से बचेंगे?

