कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में रेल यात्रियों के लिए सफर करना अब जोखिम भरा होता जा रहा है। खासकर उन महिलाओं के लिए जो अच्छे कपड़े पहनकर और हाथों में मेहंदी रचाकर सफर कर रही हैं। ग्वालियर GRP पुलिस ने एक ऐसे ही अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो ‘जेंटलमैन’ बनकर ट्रेनों में चढ़ते थे और पलक झपकते ही गहनों पर हाथ साफ कर देते थे। पुलिस ने इस गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर लाखों का माल बरामद किया है।
UP का शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह गिरफ्तार
दरअसल, ट्रेनों में चोरी की बढ़ती वारदातों ने रेलवे पुलिस की नींद उड़ा रखी थी। ग्वालियर से गुजरने वाली ट्रेनों में लगातार हो रही वारदातों को देखते हुए GRP के वरिष्ठ अधिकारियों ने विशेष टीमें गठित की थीं। जब पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिरों का जाल बिछाया, तो उत्तर प्रदेश के एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का नाम सामने आया।
जेवर, कपड़े और मेहंदी से तय करते थे टारगेट
पुलिस की गिरफ्त में आए इन चार चोरों ने पूछताछ में जो खुलासे किए, वो चौंकाने वाले हैं। यह गिरोह बेहद योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम देता था।इनके निशाने पर ऐसी महिला यात्री रहती थी जिनके हाथों में मेहंदी लगी हो या जिन्होंने महंगे कपड़े और जेवर पहने हों। चोर खुद भी अच्छे और महंगे कपड़े पहनकर ‘जेंटलमैन’ की तरह ट्रेन में सवार होते थे ताकि किसी को शक न हो।
लाखों के जेवर और कैश बरामद
जैसे ही किसी का बैग या जेवर पार करते, अगले ही स्टेशन पर उतरकर रफूचक्कर हो जाते थे।पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने लाखों रुपये कीमत के सोने के जेवर और नकदी बरामद की है। जांच में पता चला है कि इस गैंग के दो सदस्यों पर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में चोरी, NDPS और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कितने सदस्य शामिल हैं और उन्होंने अब तक कुल कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

