सतीश दुबे, डबरा। टेकनपुर में 8 करोड़ की जमीन को लेकर हुए गैंगवार में पुलिस जांच ने नया मोड़ ले लिया है। 100 राउंड फायरिंग में मारे गए कर्मचारी संजीव परिहार की हत्या का आरोप अब उसके ही मालिक नवीन शर्मा पर लगा है। मृतक की पत्नी विनीता परिहार ने पुलिस को बताया कि नवीन शर्मा ने जमीन के दुश्मनों को फंसाने के लिए उसके पति को गोली मरवा दी। पुलिस ने इस शिकायत पर नवीन शर्मा सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है वहीं दूसरे पक्ष पर फायरिंग का मामला दर्ज किया जा रहा है।

दअरसल टेकनपुर बस स्टैंड के पास पुरानी रोड की जमीन का है। पुलिस रिकॉर्ड में यह जमीन 2 बीघा दर्ज है, जबकि स्थानीय लोग इसे 5 बीघा बताते हैं। जमीन मूल रूप से डबरा के हरीबाबू गुप्ता की है। इस पर लंबे समय से भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य आलोक शर्मा के भाई नवीन शर्मा काबिज थे और वहां गार्डन चलाते हैं। बाद में श्याम गुर्जर और सोनेराम गुर्जर पक्ष ने इस जमीन को यथास्थिति में खरीद लिया। गुर्जर पक्ष का दावा है कि रजिस्ट्री और नामांतरण हो चुका है, जबकि नवीन शर्मा पक्ष का कहना है कि रजिस्ट्री दूसरी जमीन की है। इसी विवाद में एसडीएम ने यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था।

इसे लेकर गुरुवार को नवीन शर्मा पक्ष के लोग जमीन पर निर्माण के लिए गड्ढे खुदवा रहे थे, तभी श्याम गुर्जर, सोनेराम गुर्जर पक्ष के एक दर्जन से ज्यादा लोग वहां पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक गोलियां चलती रहीं और पूरा हाईवे गोलियों की आवाज से गूंज उठा। दहशत में हाईवे से गुजर रहे लोगों ने वाहन रोक दिए। पुलिस को मौके से गोलियों से छलनी थार जीप और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद हुए।

फायरिंग के दौरान नवीन शर्मा के गार्डन में काम करने वाले संजीव परिहार को पेट में चार गोलियां लगीं। पुलिस उसे गंभीर हालत में ग्वालियर ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में परिजनों ने विनय गुर्जर, सोनेराम गुर्जर, लालो गुर्जर और बाबा पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में भी लिया था।

लेकिन अब मृतक की पत्नी विनीता परिहार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पति को मालिक नवीन शर्मा ने फोन कर मौके पर बुलाया था। जब दोनों पक्षों के बीच मुख्य फायरिंग बंद हो गई। तब संजीव एक स्कूल के अंदर गया था और उसका बेटा बाहर खड़ा था। तभी अंदर से 4-5 गोलियां चलने की आवाज आई। बेटे ने अंदर जाकर देखा तो संजीव खून से लथपथ पड़ा था। विनीता का आरोप है कि नवीन शर्मा और उसके साथियों ने ही जमीन खरीदने वाले विरोधियों को फंसाने के लिए साजिश के तहत उसके पति की हत्या की है।

एडिशनल एसपी देहात जयराज कुबेर ने बताया कि टेकनपुर चौकी क्षेत्र में क्रॉस फायरिंग हुई थी। मृतक की पत्नी की शिकायत पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरे पक्ष द्वारा की गई फायरिंग पर भी अलग से कार्रवाई कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m