Khatushyam Temple Lightning Strike Gangapurcity: गंगापुरसिटी समेत सवाई माधोपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार तड़के बड़ा हादसा टल गया। गंगापुरसिटी क्षेत्र के कुशलगढ़ स्थित प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर के मुख्य शिखर पर मंगला आरती के समय आकाशीय बिजली गिर गई।

तेज धमाके के साथ बिजली गिरने से मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। हादसे में मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें नीचे तक दरारें आ गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि बिजली का असर मंदिर के अंदर स्थित प्रतिमाओं तक नहीं पहुंचा। सभी प्रतिमाएं सुरक्षित हैं।
मंगला आरती के दौरान हुआ हादसा
शनिवार सुबह मंगला आरती के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही थी। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली मंदिर के शिखर पर जा गिरी। धमाके की आवाज सुनकर श्रद्धालु और मंदिर में मौजूद लोग सहम गए।
कुछ समय के लिए मंदिर परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। सुरक्षा को देखते हुए लोगों को तत्काल मंदिर से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। बिजली का असर शिखर तक ही सीमित रहा।
शिखर में आई दरार, छत पर फैला मलबा
आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर के शिखर का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। शिखर का हिस्सा टूटने के बाद मलबा मंदिर की छत पर फैल गया। वहीं शिखर में नीचे तक दरार आने की बात सामने आई है। मंदिर प्रबंधन ने घटना के बाद स्थिति का जायजा लिया।
मंदिर कमेटी अध्यक्ष राजेन्द्र दुसाद ने बताया कि बिजली शिखर पर गिरी, जिससे उसका हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। बिजली नीचे मंदिर तक नहीं आई। इसके चलते मंदिर में स्थापित सभी प्रतिमाएं सुरक्षित हैं। घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद लोगों को सावधानी के तौर पर बाहर किया गया।
जिले में बारिश का दौर जारी
सवाई माधोपुर जिले में इन दिनों मानसून सक्रिय है। लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग की ओर से जिले में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। गंगापुरसिटी शहर में बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन और नगर परिषद की टीमें नालों की सफाई और पानी की निकासी में जुटी हैं।
लगातार दूसरे दिन बारिश के कारण बामनवास क्षेत्र में भी जनजीवन की रफ्तार प्रभावित रही। शनिवार शाम 5 बजे तक वहां 62 एमएम बारिश दर्ज की गई, जबकि मानसून सीजन में अब तक कुल 392 एमएम बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है। बारिश के चलते बाजारों में भी सन्नाटा रहा और लोगों की आवाजाही कम रही।
पढ़ें ये खबरें
- IND vs WI 4th T20I: वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी का किया फैसला, देखें पिच रिपोर्ट और दोनों टीमों की प्लेइंग 11
- गुरुग्राम में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, सितंबर में 3,892 चालान
- गुरुग्राम में रंजिश के चलते 23 वर्षीय युवक का अपहरण, दो आरोपी गिरफ्तार
- Jharkhand News: रिम्स में डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन, काला बिल्ला लगाकर सरकार तक पहुंचाई अपनी मांगें
- गुरुग्राम से सिरसा जा रही रोडवेज बस पर हमला! ड्राइवर को बस में घुसकर पीटा, यात्रियों को भी धमकाया
