बिलासपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने 245 किलो गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत 1.22 करोड़ बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक मारुति अर्टिगा (क्रमांक CG 04QD 7255) में भारी मात्रा में गांजा कटघोरा से मरवाही होते हुए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल रतनपुर पुलिस और ACCU की टीम ने नेशनल हाईवे स्थित नवापारा चौक भेड़ी मुंडा के पास घेराबंदी की। चेकिंग के दौरान संदिग्ध अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 245 किलो गांजा बरामद हुआ।


जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त वाहन मारुति अर्टिगा (कीमत लगभग 8 लाख रुपए) को भी जब्त किया गया। कुल जब्ती की कीमत 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी अमित कुमार केवट (33 वर्ष), निवासी भुतहीटोला, थाना बुढार, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना रतनपुर में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

