फतेहाबाद। महिला थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में बनगांव की गोशाला के प्रधान लीलाधर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया।

पीड़िता ने एसपी से लगाई थी गुहार

इस मामले में पीड़िता ने खुद एसपी ऑफिस पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई थी। उसने आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और 17 जून को मामला दर्ज किया गया। अब पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है।

नशीला पदार्थ पिलाकर किया गलत काम

महिला थाना प्रभारी मंजू सिंह ने बताया कि पीड़िता बेहद गरीब परिवार से है। घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह काम करती थी। इसी दौरान आरोपी लीलाधर ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ गलत काम किया। इसके बाद आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए।

धमकी देकर करता रहा शोषण

आरोपी इन तस्वीरों और वीडियो के दम पर पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। वह लड़की को बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देता था। इसी डर की वजह से वह काफी समय तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने लड़की की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी डाल दीं।

लगी गंभीर धाराएं

थाना प्रभारी के मुताबिक जांच के बाद आरोपी गोशाला प्रधान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं के साथ-साथ आईटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m