पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। जिला पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के द्वारा आज ग्राम बारूला के उन छोटे बच्चों से मुलाकात की, जो नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज को जागरूक करने की बड़ी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों के इस सराहनीय प्रयास की खुलकर तारीफ की और उन्हें पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया।

ग्राम बारूला के इन बच्चों ने खेल-कूद की उम्र में सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने का बीड़ा उठाया है। ये बच्चे गांव-गांव जाकर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर रहे हैं।

इनके नाटकों के विषय मुख्य रूप से शिक्षा का महत्व, नशामुक्ति, यातायात और साइबर अपराधों से बचाव जैसे गंभीर मुद्दों पर आधारित होते हैं। बच्चों के इस सकारात्मक प्रयास की जानकारी जब गरियाबंद पुलिस अधीक्षक को मिली, तो उन्होंने खुद इन नन्हें कलाकारों से मिलने की इच्छा जताई। मुलाकात के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बच्चों से उनके नाटकों के अनुभव सुने और समाज के प्रति उनकी इस सोच को बेहतर सराहा।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा, “बच्चे देश का भविष्य हैं। ग्राम बारूला के इन बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि समाज को बदलने के लिए उम्र नहीं, बल्कि एक अच्छी सोच की जरूरत होती है।

पुलिस प्रशासन ऐसे हर प्रयास की सराहना करता है जो समाज को सही दिशा दिखाने का काम करते हैं।”कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी बाल कलाकारों को पुरस्कृत किया, ताकि उनका आत्मविश्वास और बढ़े तथा वे आगे भी इसी तरह समाज सेवा के कार्यों से जुड़े रहें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m