गौरव जैन, गौरेला पेंड्रा मरवाही। गौरेला वन परिक्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एक बीट गार्ड के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वन विभाग के कर्मचारी के साथ हाथापाई और उसकी वर्दी फाड़ने का दृश्य कैद हो गया है। बीट गार्ड की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में मारपीट, गाली-गलौज, शासकीय कार्य में बाधा और शासकीय कर्मचारी पर हमले से जुड़ी धाराओं के साथ SC/ST एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।

पेड़ कटाई की शिकायत की जांच करने पहुंचे थे बीट गार्ड
जानकारी के मुताबिक, घटना मरवाही वनमंडल के गौरेला वन परिक्षेत्र के अंधियारखोर बीट की है। यहां पदस्थ बीट गार्ड सूर्यकांत रात्रे को दर्री निवासी आरोपी रुद्र माझी ने ही पेड़ कटाई की सूचना दी थी, जिसके बाद तस्दीक करने के लिए बीट गार्ड मौके पर पहुंचे थे।
जांच के दौरान सूर्यकांत रात्रे ने पाया कि जिस जमीन पर पेड़ काटे जाने की बात कही जा रही थी, वह राजस्व विभाग की भूमि है। ऐसे में उन्होंने आरोपी रुद्र माझी को एसडीएम के पास जाने की सलाह दी।
सलाह देने पर विवाद, मारपीट और वर्दी फाड़ने का आरोप
आरोप है कि राजस्व भूमि को लेकर दी गई सलाह से रुद्र माझी नाराज हो गया। इसके बाद उसने ड्यूटी पर तैनात बीट गार्ड के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वनकर्मी की वर्दी फाड़ने का भी आरोप है। घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वनकर्मी के साथ अभद्रता और हाथापाई होती दिखाई दे रही है।
देखें VIDEO
गौरेला पुलिस ने दर्ज की FIR
घटना के बाद बीट गार्ड सूर्यकांत रात्रे ने गौरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह के मुताबिक, अंधियारखोर बीट में वनकर्मी के साथ मारपीट की घटना हुई है। पुलिस ने दर्री निवासी रुद्र माझी के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा, शासकीय सेवक पर हमला और SC/ST एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

