गौरव जैन, गौरेला पेण्ड्रा मरवाही। गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम दरमोहली में 21 वर्षीय युवक सरवन सिंह कुसराम की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। शुरुआती जांच में जिस मौत को पेट दर्द, खून की उल्टी और दस्त के कारण हुई प्राकृतिक मौत बताया गया था, वह दरअसल अवैध शिकार के दौरान चली गोली का मामला निकला। मर्ग जांच के दौरान सामने आए नए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य छिपाने, धमकी देने और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

अवैध शिकार के दौरान चली गोली, युवक की मौके पर मौत
गौरेला पुलिस के अनुसार यह घटना 27 जून की है। मृतक के बड़े भाई पवन सिंह कुसराम ने पूरक बयान में बताया कि घटना वाले दिन गांव के कुछ लोग जंगल में जंगली जानवर का अवैध शिकार करने के लिए घेराबंदी कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी रामायण सिंह कुसराम ने अपनी भरमार बंदूक से फायर कर दिया। गोली सीधे सरवन सिंह के सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार को बंदूक की नोक पर दी गई धमकी
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के बाद आरोपियों ने मामले को छिपाने की साजिश रची। मृतक के भाई पवन सिंह और पिता देवशरण सिंह को जंगल में बुलाकर उन्हें बंदूक की नोक पर धमकाया गया कि यदि किसी को घटना की जानकारी दी गई तो पूरे परिवार को गोली मार दी जाएगी।
धमकी से डरे परिवार ने पुलिस को बीमारी से मौत की जानकारी दी। इसके बाद 28 जून को बिना पोस्टमार्टम कराए ही युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
20 दिन बाद भाई ने बताई पूरी सच्चाई
करीब 20 दिनों तक सदमे और भय में रहने के बाद मृतक के भाई पवन सिंह ने हिम्मत जुटाकर पूरी घटना अपने माता-पिता और ग्राम कोटवार को बताई। कोटवार की सूचना पर मामला दोबारा पुलिस के संज्ञान में आया। इसके बाद पुलिस ने पूरक बयान दर्ज किए और जांच को नए सिरे से शुरू किया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर हत्या और साजिश का मामला दर्ज किया गया।
छह आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने इस मामले में नामजद 12 आरोपियों में से छह को हिरासत में ले लिया है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है।
मामले में नामजद आरोपी
रामायण सिंह कुसराम (42), निवासी दरमोहली खेरवाटोला, थाना गौरेला
संतलाल सिंह धुर्वे (39), निवासी पंडरीपानी रौनाटोला, थाना जैतहरी, जिला अनूपपुर (मध्य प्रदेश)
लक्ष्मण यादव (42), निवासी दरमोहली सडकटोला
कमलेश कुमार सलाम (38), निवासी दरमोहली खैरवाटोला
कैलाश सिंह (37), निवासी टंगियामौहा, दरमोहली
अर्जुन सिंह (41), निवासी पडखुरी बड़वाशन टोला
बलराम सिंह गोंड उर्फ कुमरिहा (50), निवासी पडखुरी
अवध राज उर्फ अधरू गोंड (50), निवासी पडखुरी
सुरजन सिंह धुर्वे (38), निवासी पडखुरी
बैधा उर्फ बेदराम गोंड (50), निवासी पडखुरी
भान सिंह उर्फ भानू (44), निवासी पडखुरी
मुरारी गोंड (33), निवासी पडखुरी, थाना गौरेला
हथियार और मोबाइल जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक भरमार बंदूक, एक एयर गन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध शिकार के दौरान हुई इस मौत को छिपाने के लिए साजिश रची गई थी। मामले में हत्या, साक्ष्य मिटाने, धमकी देने और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

