ग्रेटर नोएडा. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच गौतमबुद्धनगर बीजेपी में संगठन को लेकर अंदरूनी नाराजगी सोशल मीडिया पर सामने आने लगी है. पार्टी से जुड़े दो पुराने कार्यकर्ताओं की पोस्ट के बाद संगठन में कार्यकर्ताओं की भूमिका और उन्हें मिलने वाली तवज्जो को लेकर चर्चा तेज हो गई है. एक ओर दादरी नगरपालिका चेयरमैन के देवर और बीजेपी नेता दिनेश शर्मा ने जिला संगठन पर पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया है. वहीं, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल रहे एक पुराने कार्यकर्ता ने भी सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की है.

इसे भी पढ़ें- ‘हाथ काटकर फेंक दो, जमानत हम करवा देंगे’ : सुल्तानपुर में मंत्री संजय निषाद का बयान, कह दी ये बात

दिनेश शर्मा ने जिला संगठन पर लगाए आरोप

बीजेपी नेता दिनेश शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट में जिला संगठन पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन की जिम्मेदारी ऐसे व्यक्ति को दी गई है, जो पार्टी के कार्यक्रमों की जानकारी केवल अपने करीबी और अपनी बात से सहमत रहने वाले लोगों को देता है. शर्मा का कहना है कि पुराने कार्यकर्ताओं को पार्टी की गतिविधियों और कार्यक्रमों की सूचना तक नहीं दी जाती. इससे कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है.

पोस्ट के बाद कई पुराने कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी

दिनेश शर्मा की पोस्ट के बाद बीजेपी से जुड़े 10 से अधिक पुराने कार्यकर्ताओं ने कमेंट के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की. कुछ कार्यकर्ताओं ने संगठन में पुराने लोगों की अनदेखी का आरोप लगाया और यहां तक लिखा कि ‘अब पुरानी बीजेपी नहीं रही.’ हालांकि, इन सोशल मीडिया आरोपों पर गौतमबुद्धनगर जिला संगठन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

युवा मोर्चा की दौड़ में रहे नेता ने भी जताया दर्द

इसी बीच बीजेपी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद को लेकर भी संगठन के भीतर की खींचतान चर्चा में है. लंबे समय से पार्टी में सक्रिय रहे एक पुराने नेता की जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह से मुलाकात के बाद कुछ नेताओं के उनसे दूरी बनाने की चर्चा है. पद की दौड़ में खुद को आगे मान रहे इस नेता ने सोशल मीडिया पोस्ट में सवाल उठाया कि क्या जेवर विधायक बीजेपी नेता नहीं हैं?

इसे भी पढ़ें- ‘घर’ नहीं सम्भल रहा, सपना प्रदेश संभालने का! राजभर ने अखिलेश पर कसा तंज, बोले- पहले अपने नेताओं को साथ बैठाइए, चुनाव बाद में लड़ना

2027 से पहले संगठन में असंतोष की चर्चा

दो अलग-अलग घटनाओं में पुराने कार्यकर्ताओं की सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद गौतमबुद्धनगर बीजेपी में संगठनात्मक स्तर पर असंतोष की चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इन पोस्ट का संगठन के भीतर कोई व्यापक प्रभाव पड़ेगा या नहीं. फिलहाल जिला नेतृत्व की ओर से आरोपों पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है. ऐसे में सोशल मीडिया पर सामने आए इन बयानों ने 2027 चुनाव से पहले संगठन के अंदर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और नेतृत्व के साथ उनके संबंधों को लेकर सवाल जरूर खड़े किए हैं.