लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने को हैं. ऐसे में प्रदेश का सियासी पारा हाई है. राजनीतिक पार्टियों और नेताओं के बीच वार-पलटवार का दौर जारी है. इसी बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर गठबंधन समेत तमाम मुद्दों को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लगातार आड़े हाथों ले रहे हैं. इसी कड़ी में अब राजभर ने अखिलेश यादव पर उनकी पार्टी के भीतर मचे घमासान को लेकर निशाना साधा है.
राजभर ने एक्स पर लिखा कि ‘अखिलेश जी, आपके इंडी को लड़ना है एनडीए से और आपके नेता आपसे में लड़ रहे हैं. जैसे, सपा लड़ रही कांग्रेस से, इकरा लड़ रहीं इमरान से, गौतम तो सबको ही निशाने पर लिए हुए हैं. बाकी आपके संगठन वाले तो आ-हा-हा. ऐसे कैसे लड़ेंगे महाराज? चलिए ये तो थी बयानबाजी की बात. आपकी पार्टी वाले तो जूतम-पैजार भी कर रहे हैं. गोरखपुर में थप्पड़ चले, मुकदमा दर्ज हुआ और हालत ऐसी बनी कि आपको जिला, महानगर और फ्रंटल संगठनों तक की इकाइयां भंग करनी पड़ीं. एटा-कासगंज के नेता तो आपके सामने ही उलझ गए. बैठक खत्म हुई और दोनों जिलों की इकाइयां भंग करनी पड़ीं.’
इसे भी पढ़ें : आजम खान के परिवार से मिले स्वामी प्रसाद मौर्य, 45 मिनट की मुलाकात से सियासी चर्चाएं तेज
राजभर ने आगे लिखा कि ‘आगरा में आपके सांसद की मौजूदगी में मथुरा के पदाधिकारी भिड़े और लात-घूंसे तक चले. बाद में दो नेताओं को पार्टी से बाहर करना पड़ा. आजमगढ़ में आपके ही बूथ अध्यक्ष ने अपने विधायक के समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया. सहारनपुर में प्रदेश अध्यक्ष के सामने समीक्षा बैठक हुई तो वहां कुर्सी और माइक को लेकर अपने ही लोग उलझ गए. अखिलेश जी, 2027 में प्रदेश संभालने का दावा है और 2026 में अपनी जिला इकाइयां संभालने के लिए कभी संगठन भंग करना पड़ रहा है, कभी नेताओं को पार्टी से निकालना पड़ रहा है.’
राजभर ने लिखा कि ‘सोचिए, आपके नेता सरकार आने के भ्रम में जिस तरह आपस में भिड़ रहे हैं, अगर गलती से सरकार में आ गए तो जनता को कितना पीटेंगे. हफ़्ता वसूली करेंगे. गुंडा टैक्स वसूलेंगे. पहले अपने नेताओं को एक साथ बैठना सिखाइए, सभ्यता संस्कार सिखाइए, अनुशासन सिखाइए, चुनाव तो हमसे बाद में लड़िएगा.’

