रामपुर. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसी बीच अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य रामपुर पहुंचे और वरिष्ठ सपा नेता आजम खान के परिवार से मुलाकात की. मौर्य करीब 45 मिनट तक आजम खान के घर पर रहे और उनकी पत्नी डॉ. तजीन फातिमा समेत परिवार के सदस्यों से बातचीत कर हालचाल जाना.
इसे भी पढ़ें- प्रयागराज में महिला से गैंगरेप, ऑटो चालक समेत एक गिरफ्तार; दो की तलाश
तजीन फातिमा समेत परिवार से की मुलाकात
स्वामी प्रसाद मौर्य ने आजम खान की पत्नी तजीन फातिमा और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की. मौर्य ने इस मुलाकात को परिवार का हालचाल जानने से जुड़ा बताया, हालांकि, 2027 चुनाव से पहले आजम खान के परिवार से उनकी मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है.
मौर्य बोले- आजम परिवार पर बदले की भावना से कार्रवाई
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में मौर्य ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान और उनके परिवार के खिलाफ सरकार की कार्रवाई में बदले की भावना दिखाई देती है. मौर्य ने कहा कि राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है.
चुनाव आयोग पर भी उठाए सवाल
स्वामी प्रसाद मौर्य ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर निष्पक्ष भूमिका नहीं निभाने और भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया.
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद बढ़ी चर्चा
इस मुलाकात से पहले स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी. इसके बाद उन्होंने अपनी जनता पार्टी के INDIA गठबंधन में शामिल होने का ऐलान किया. हालांकि, मौर्य ने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी के कांग्रेस में विलय को लेकर फिलहाल कोई बातचीत नहीं हुई है.
इसे भी पढ़ें- गैस कनेक्शन अपडेट के नाम पर आ रहा मैसेज? APK डाउनलोड किया तो गंवा देंगे लाखों
आजम खान के परिवार से मुलाकात और मौर्य के INDIA गठबंधन में जाने के ऐलान के बाद यूपी की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हैं. अटकलें हैं कि आजम खान या उनका परिवार कांग्रेस में शामिल हो सकता है. हालांकि कांग्रेंस में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा परिवार की तरफ से सामने नहीं आई है.

