सुल्तानपुर. योगी सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें मंत्री ये कह रहे हैं कि ‘कोई हाथ उठाए तो हाथ काटकर फेंक दो. परेशान मत होना…जमानत हम करवा देंगे’. दरअसल मंत्री एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे. इसी बीच उन्होंने ये बयान दिया.

जानकारी के मुताबिक रविवार को कूरेभार के पटना चौराहे पर आयोजित निषाद पार्टी की जनसभा थी. अपने संबोधन में संजय निषाद ने सपा-बसपा पर निशाना साधते हुए नौकरियों के आंकड़े और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि अन्य दलों के चुनाव चिन्हों पर बटन दबाने से नौकरियों का लाभ दूसरों को मिला है. समर्थकों को निषाद पार्टी का झंडा घर-घर फहराने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यह झंडा ही उनके बच्चों के भविष्य, शिक्षा, सम्मान और सुरक्षा की गारंटी है.

इसे भी पढ़ें : ‘घर’ नहीं सम्भल रहा, सपना प्रदेश संभालने का! राजभर ने अखिलेश पर कसा तंज, बोले- पहले अपने नेताओं को साथ बैठाइए, चुनाव बाद में लड़ना

मंत्री ने आगे कहा कि यदि कोई दूसरी पार्टी का नेता उनके मोहल्ले में झंडा लेकर आता है, तो उसका स्वागत करने के बजाय उसे भगाया जाए. उन्होंने कहा कि जब तक हम दूसरों का झंडा उठाते रहे, तब तक हमारे समाज का शोषण होता रहा और युवाओं की नौकरियों की लूट होती रही. उन्होंने अपने समर्थकों से ‘जय निषाद राज’ का झंडा उठाने और बेईमानों का झंडा बुलंद न करने की अपील की.