गयाजी एयरपोर्ट पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने सुरक्षा जांच के दौरान एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। यहां घरेलू सुरक्षा होल्ड एरिया में प्री-एम्बार्केशन जांच के दौरान सीआईएसएफ कर्मियों ने एक यात्री के हैंडबैग से करीब 110 ग्राम वजन का सोने जैसा संदिग्ध बिस्किट बरामद किया है। यात्री दिल्ली से गयाजी होते हुए इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से कोलकाता जा रहा था। जब बैगेज की एक्स-रे स्क्रीनिंग की जा रही थी, तब ड्यूटी पर तैनात जवान को बैग के भीतर किसी असामान्य धातु होने का संदेह हुआ, जिसके बाद बैग की गहन शारीरिक जांच की गई।

​वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका यात्री

​जांच के दौरान जब बैग खोला गया तो उसमें बिस्किट के आकार की सुनहरे रंग की धातु पाई गई। सुरक्षा कर्मियों ने प्राथमिक तौर पर इसके सोना होने का संदेह जताया, हालांकि देर रात तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच और तकनीकी परख के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि धातु वास्तव में सोना है या कोई अन्य मेटल। सबसे बड़ा सवाल यह था कि जब सुरक्षा अधिकारियों ने यात्री से बरामद धातु के वैध कागजात या रसीद मांगी, तो वह कोई भी संतोषजनक दस्तावेज पेश करने में असमर्थ रहा।

आयकर विभाग ने यात्री को लिया हिरासत में

​मामले की गंभीरता को भांपते हुए सीआईएसएफ के क्राइम इंटेलिजेंस विंग ने तुरंत गयाजी और पटना स्थित आयकर विभाग के अधिकारियों को इसकी गुप्त सूचना दी। इसके साथ ही कोलकाता स्थित सीआईएसएफ इकाई को भी इस घटना से पूरी तरह अवगत कराया गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल और परिस्थितियों को देखते हुए यात्री को कोलकाता जाने की अनुमति दी गई, लेकिन जैसे ही वह कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरा, वहां पहले से सतर्क आयकर विभाग के अधिकारियों ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया और आगे की पूछताछ शुरू कर दी।

​मध्य प्रदेश का रहने वाला है आरोपी यात्री

​मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह संदिग्ध धातु ले जाने वाला यात्री मध्य प्रदेश का रहने वाला है। वह अकेले ही सफर कर रहा था और दिल्ली से गयाजी होते हुए इंडिगो की नियमित घरेलू उड़ान से कोलकाता की यात्रा पर निकला था। फिलहाल, आयकर विभाग और अन्य जांच एजेंसियां इस मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह धातु कहां से लाई गई थी, इसका असली मालिक कौन है और इसके पीछे किसी बड़े तस्करी रैकेट का हाथ तो नहीं है।