गयाजी। मानपुर-खिजरसराय मुख्य मार्ग पर एक सड़क हादसे में पंद्रह वर्षीय नाबालिग लड़की की मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से हुई इस मौत के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
मंदिर से लौट रही थी मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेदरपुरा गांव के रहने वाले मुन्ना यादव की बेटी कृति कुमारी अपनी सहेलियों के साथ गांव के नजदीक स्थित एक मंदिर में आरती और पूजा करने गई थी। पूजा समाप्त होने के बाद जब वह वापस अपने घर लौट रही थी, तभी सड़क पार करने के दौरान एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर से मासूम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
दुर्घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल बच्ची को तुरंत इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत बेहद नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उसे जय प्रकाश नारायण अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर अस्पताल के लिए निकले ही थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया और माता-पिता तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने और इलाके में तेज रफ्तार वाहनों पर कड़ी लगाम लगाने की मांग को लेकर मानपुर-खिजरसराय मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने की सूचना मिलते ही एसआई दीपक कुमार, एसआई गुलशन कुमार और एसआई रोहित रंजन भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने गुस्साए ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है।
जनप्रतिनिधियों ने जताया गहरा शोक
इस दुखद घटना पर जिला परिषद सदस्य सह सामाजिक कार्यकर्ता कुंदन कुमार उर्फ भोला चौधरी ने गहरी शोक संवेदना प्रकट की है। उन्होंने मृतका के शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस गरीब पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें इस कठिन समय में थोड़ी बहुत आर्थिक राहत मिल सके।

