गया‌। तीर्थनगरी के डोभी थाना क्षेत्र से एक घटना सामने आई है, जहां एक 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सन्नी कुमार के रूप में हुई है, जिसका शव उसके अपने ही कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। इस घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​शादी से अचानक गायब हुआ सन्नी

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, सन्नी बुधवार को अपने परिवार के साथ कंजियार गांव स्थित अपने ननिहाल गया था। वहां परिवार में एक शादी का आयोजन था, जिसमें वह बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहा था। परिजनों ने बताया कि वह पूरे समय बहुत खुश था और रिश्तेदारों के साथ हंसी-मजाक कर रहा था। समारोह के बीच ही वह अचानक बिना किसी को कुछ बताए वहां से निकल गया। घर वालों को लगा कि शायद वह किसी काम से बाहर गया है, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी विदाई होगी।

​बंद कमरे में मिला सन्नी का शव

​सन्नी के जाने के कुछ देर बाद जब उसके पिता घर पहुंचे, तो उन्होंने सन्नी के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पिता को किसी अनहोनी की आशंका हुई। स्थानीय लोगों की मदद से जब कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का दृश्य देख सबके होश उड़ गए। सन्नी फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

​परिजनों की समझ से परे है आत्मघाती कदम

​मृतक के बहनोई प्रियोम कुमार ने इस घटना पर गहरा दुख और आश्चर्य व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि सन्नी के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं था और न ही घर में किसी प्रकार का तनाव या परेशानी थी। प्रियोम के अनुसार, सन्नी बिल्कुल सामान्य था, वह शादी में खुश था। हमें समझ नहीं आ रहा कि अचानक ऐसा क्या हुआ जो उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।