गयाजी। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बेखौफ बाइक सवार अपराधियों ने शुक्रवार को एक प्रमुख किताब व्यवसायी को निशाना बनाते हुए हथियार के बल पर करीब 5 लाख रुपये के आभूषण व अन्य कीमती सामान लूट लिए। इस दौरान वारदात का विरोध करने पर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें ऑटो चालक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली से लौट रहे थे व्यवसायी
पीड़ित किताब व्यवसायी पंकज अग्रवाल ने घटना की आपबीती बताते हुए कहा कि वह दिल्ली से महाबोधि एक्सप्रेस ट्रेन द्वारा गयाजी रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। शुक्रवार की सुबह करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच वह स्टेशन से बाहर निकलकर मानपुर स्थित अपने घर जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुए। रास्ते में सिक्स लेन पुल के समीप से ही कुछ संदिग्ध बाइक सवार अपराधी लगातार उनके ऑटो का पीछा कर रहे थे।
घर के मुख्य द्वार पर वारदात को अंजाम दिया
व्यवसायी जैसे ही अपने मानपुर स्थित घर के पास पहुंचे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार अपराधियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। पिस्तौल की नोक पर बदमाशों ने उनका ट्रॉली बैग छीन लिया। बैग में करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण, कीमती सामान और नए कपड़े रखे हुए थे। जब पंकज अग्रवाल और ऑटो चालक ने बहादुरी दिखाते हुए इसका कड़ा विरोध किया, तो घबराए अपराधियों ने भागते समय सीधी गोली चला दी, जो ऑटो चालक को जा लगी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि घायल ऑटो ड्राइवर के लिखित आवेदन के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। व्यवसायी की तरफ से औपचारिक आवेदन मिलने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस की विशेष टीम घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके। पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

