गया। दुर्गा पूजा के दौरान गयाजी और बोधगया में भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है। 17 से 21 अक्टूबर तक दोनों शहरों की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए नो-एंट्री, वैकल्पिक रूट और पार्किंग स्थलों की सूची जारी की गई है।
प्रमुख सड़कों पर नो-एंट्री का समय
जीबी रोड और रमना रोड पर दोपहर 1 बजे से तड़के 3 बजे तक सभी प्रकार की गाड़ियों (कार, बाइक, टेंपो) का प्रवेश बंद रहेगा। बड़े व्यावसायिक वाहनों पर सुबह 6 बजे से तड़के 3 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सिकड़िया मोड़ और मुफस्सिल मोड़ से किरानीघाट की तरफ बड़े वाहन नहीं जा सकेंगे। पटना से आने वाले मालवाहक ट्रकों और पिकअप को रामशिला मोड़ से कुजापी-नवादा मोड़, मेहता पेट्रोल पंप व सिटी पब्लिक स्कूल के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
रेलवे स्टेशन आने-जाने के लिए टेंपो का नया रूट
- सिकड़िया मोड़ से स्टेशन: टेंपो गयाजी कॉलेज मोड़, गोवाल बिगहा, काशीनाथ मोड़, नगमतिया मोड़ और रेलवे अस्पताल होते हुए 1 नंबर गुमटी के रास्ते स्टेशन पहुंचेंगे।
- स्टेशन से सिकड़िया मोड़: वाहन जीआरपी मोड़ से बाटा मोड़, स्वरानपुरी रोड और काशीनाथ मोड़ होकर लौटेंगे।
- मुफस्सिल से स्टेशन: टेंपो लखीबाग मोड़, किरानीघाट पेट्रोल पंप, जनता कोल्ड स्टोरेज, गुरुद्वारा और डोमटोली चौक होते हुए मालगोदाम के रास्ते चलेंगे।
- बाईपास से स्टेशन: मंगला गौरी, गोदावरी रोड, शहीद तकिया मोड़, गोवाल बिगहा और काशीनाथ मोड़ से रास्ता तय होगा।
गाड़ियां कहां पार्क करें?
- स्टेशन परिसर: चाकंद और मुफस्सिल की ओर से आने वाले छोटे वाहन मुरली पहाड़ी व डोमटोली होकर स्टेशन परिसर में पार्क होंगे।
- गया जिला स्कूल मैदान: कॉटनलारा अस्पताल परिसर, कोठवारा, चांद चौरा और नूतन नगर से आने वाले वाहनों के लिए।
- गया कॉलेज खेल परिसर: मिर्जागंज, डेल्हा, टेकारी और सिकड़िया मोड़ से आने वाली गाड़ियों के लिए।
बोधगया में यातायात नियम और ड्रॉप गेट
बोधगया में दोपहर 1 बजे के बाद महामाया होटल, दोमुहान, राजापुर पुल और गांधी चौक से शहर में वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। गयाजी शहर के समाहरणालय गोलंबर, पीरमंसूर चौक, किरानीघाट, बाटा मोड़, नगमतिया मोड़ और सिकड़िया मोड़ समेत प्रमुख स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। प्रशासन ने अपील की है कि लोग निर्धारित रास्तों व पार्किंग का ही उपयोग करें।

