गोरखपुर के चौरी चौरा से शुरू हुई जेन-जी कनेक्ट यात्रा 42 दिनों में करीब 1500 किलोमीटर की दूरी तय कर लखनऊ पहुंची. यात्रा के दौरान शिक्षा, रोजगार और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर युवाओं और छात्रों से संवाद किया गया.
लखनऊ. गोरखपुर के चौरी चौरा से शुरू हुई जेन-जी कनेक्ट यात्रा 42 दिनों में करीब 1500 किलोमीटर का सफर तय कर लखनऊ पहुंची. यात्रा 13 जिलों से होकर गुजरी और इस दौरान युवाओं व छात्रों से शिक्षा, रोजगार और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया गया.
जस्टिस मोर्चा के पदाधिकारी सुधांशु बाजपेई के मुताबिक, यह यात्रा 20 अगस्त को शुरू हुई थी. यात्रा का उद्देश्य शिक्षा, रोजगार और लोकतंत्र से जुड़े सवालों को सामने लाना था.
42 दिन की यात्रा
लखनऊ पहुंचने पर यात्रा पीजीआई से आगे बढ़ी और तेलीबाग, केकेसी चौराहा होते हुए गांधी प्रतिमा तथा अंबेडकर प्रतिमा, हजरतगंज पहुंची. यहां माल्यार्पण के बाद यात्रा लखनऊ विश्वविद्यालय गई, जबकि बुधवार देर शाम यह काकोरी शहीद स्मारक पहुंची.
यात्रा के दौरान स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के छात्रों तथा युवाओं से बातचीत की गई. अलग-अलग कस्बों, बाजारों और गांवों में नुक्कड़ सभाओं के जरिए शिक्षा, रोजगार, परीक्षा व्यवस्था, युवाओं के अवसर और लोकतंत्र से जुड़े सवालों पर चर्चा हुई.
युवाओं ने साझा किए अनुभव
सुधांशु बाजपेई ने बताया कि यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने हिस्सा लिया और अपने अनुभव साझा किए. इस दौरान शिक्षा और रोजगार से जुड़ी समस्याओं को भी सामने रखा गया.
यात्रा के लखनऊ पहुंचने के बाद एक अक्टूबर को गांधी भवन के कस्तूरबा सभागार में जेन-जी कनेक्ट सभा आयोजित होगी. इसमें यात्रा के दौरान सामने आए युवाओं और छात्रों के सवालों, अनुभवों तथा शिक्षा, रोजगार और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.
गांधी जयंती पर मार्च
दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर परिवर्तन चौक से नागरिक मार्च प्रस्तावित है. यह मार्च गांधी प्रतिमा चौराहे तक आयोजित किया जाना है.

