सुमन चौहान, करनाल। हरियाणा के करनाल जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। रविवार को जिला नागरिक अस्पताल में करीब 6 से 7 घंटे तक बिजली गुल रहने से अफरा-तफरी का माहौल रहा। सबसे ज्यादा परेशानी प्रसूति विभाग में भर्ती महिलाओं और उनके परिजनों को हुई। गर्मी और उमस के कारण लोग अस्पताल के कमरों में बदहाल नजर आए।

अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरिता विश्नोई ने बताया कि शहर में बिजली विभाग की तरफ से बिना किसी पूर्व सूचना के सप्लाई काट दी गई थी। जैसे ही बिजली गई, अस्पताल का काम जनरेटर के सहारे शुरू किया गया। हालांकि, अस्पताल पर अचानक बढ़े लोड को जनरेटर नहीं झेल सका और उसमें भी खराबी आ गई।

पीएमओ ने आगे बताया कि हालात को देखते हुए अस्पताल का निरीक्षण किया गया। यह सुनिश्चित किया गया कि इलाज में कोई बड़ी बाधा न आए। जिन मरीजों की हालत नाजुक थी, उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। एक नए मरीज को भी सावधानी के तौर पर पहले ही वहां भेज दिया गया ताकि उसे उपचार के लिए इंतजार न करना पड़े।

जनरेटर खराब होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अस्पताल में नया और ज्यादा क्षमता वाला जनरेटर लगाने के लिए बजट मंजूर हो चुका है। इस काम को पीडब्ल्यूडी विभाग को पूरा करना है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह से इसे लगाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वर्तमान में लगा हुआ पुराना जनरेटर अस्पताल के पूरे लोड को संभालने में अक्षम है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m