राकेश कथूरिया, कैथल. हरियाणा में व्यापार की वर्तमान स्थिति और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर कैथल के सनातन धर्म ट्रस्ट भवन में एक विशेष सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष और हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर संगठन के ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए कैथल जिले के नए प्रधान के नाम की घोषणा की गई।

राम कुमार बंसल बने कैथल के नए प्रधान
सम्मेलन के दौरान प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने मुख्य समाजसेवी राम कुमार बंसल को कैथल जिले का व्यापार मंडल प्रधान नियुक्त किया। इस घोषणा के बाद स्थानीय व्यापारियों ने नए प्रधान का स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई। इस मौके पर व्यापारियों ने बजरंग गर्ग को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए बजरंग गर्ग ने प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते हरियाणा में व्यापार और उद्योग लगातार पिछड़ रहे हैं। व्यापारियों और उद्योगपतियों को आर्थिक मोर्चे पर भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
सुरक्षा और विकास पर जोर
बजरंग गर्ग ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर अपनी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार को व्यापारी, उद्योगपति और आम जनता के जान-माल की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि व्यापार को बढ़ावा देने के लिए ठोस और कठोर कदम उठाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर हरियाणा में उद्योग बढ़ेंगे, तो राज्य के लाखों बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

