सतीश सिंह, लखनऊ. आने वाले दिनों में जर्मनी उत्तरप्रदेश में निवेश करेगा. इस बावत बुधवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से जर्मनी के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की. मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश और जर्मनी के बीच निवेश, नवाचार, कौशल विकास तथा औद्योगिक सहयोग को और अधिक मजबूत करने की संभावनाओं पर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा हुई.

जर्मनी से आये प्रतिनिधिमंडल में राउनहेम, जर्मनी के महापौर डेविड रेंडल, इनोवेशन हब राइनमेन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टीफन विट्टेकाइंड, जर्मन इंडियन बिजनेस अलायंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निर्मल रमन, जर्मन इंडियन बिजनेस अलायंस के अध्यक्ष सेल्वाकुमार पेरियासामी शामिल थे.
इसे भी पढ़ें : श्रीराम मंदिर ट्रस्ट को मिला पहला CEO, रिटायर्ड मार्शल जितेंद्र मिश्रा को मिली जिम्मेदारी
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज निवेश, उद्योग और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. प्रदेश में निवेश के अनुकूल वातावरण, बेहतर आधारभूत सुविधाओं तथा कुशल मानव संसाधन की उपलब्धता से वैश्विक निवेशकों के लिए व्यापक संभावनाएं सृजित हुई हैं. उन्होंने जर्मनी के साथ आर्थिक एवं औद्योगिक संबंधों को और प्रगाढ़ करने पर बल दिया.
संभावित साझेदारी पर हुआ विचार विमर्श
बैठक में दोनों पक्षों के बीच तकनीकी सहयोग, नवाचार, कौशल विकास, रोजगार सृजन तथा औद्योगिक निवेश के क्षेत्रों में संभावित साझेदारी पर भी विचार-विमर्श हुआ. इससे उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के नए अवसर सृजित होने तथा प्रदेश में आधुनिक तकनीक और निवेश को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं हैं.
इसे भी पढ़ें : यूपी के 20 लाख आउटसोर्स कर्मियों के लिए बड़ा ऐलान! योगी बोले- अब बिचौलियों का खेल खत्म…
फरवरी में उपमुख्यमंत्री कर चुके हैं जर्मनी का दौरा
भारत व यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए मुफ्त व्यापार समझौते (Free Trade Agreement) के बाद फरवरी 2026 में निवेश को लेकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जर्मनी का दौरा किया था. दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री ने जर्मनी में विभिन्न कंपनियों, व्यापार समूहों और उद्योगपतियों से मुलाकात कर उन्हें उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया था.



