सतीश सिंह, गाजियाबाद. नकली और अवैध औषधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और गाजियाबाद क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देहरादून के देवीपुर, न्यू हाईवे रोड, परवाल क्षेत्र में संचालित एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. इस फैक्ट्री में देश की कई नामी दवा कंपनियों के नाम और ब्रांड का दुरुपयोग कर स्प्यूरियस (नकली) दवाइयों का निर्माण किया जा रहा था.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में Cipla, Lupin, Dr. Reddy’s, Elder, Micro, Mankind, Intas, Abbott, Sun Pharma, Aristo, Macleods और Zydus समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम पर नकली दवाइयां तैयार की जा रही थीं. इन दवाओं की पैकेजिंग भी इस तरह की जाती थी कि आम उपभोक्ता और कई बार विक्रेता भी असली और नकली दवाओं में अंतर न कर सकें.
इसे भी पढ़ें : नशे पर नकेलः 31.62 लाख की हेरोइन के साथ पुलिस ने तस्कर को किया गिरफ्तार, जानिए आखिर कहां खपाता था ‘मौत की डोज’
एफएसडीए और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में तैयार नकली दवाइयां, कच्चा माल, पैकेजिंग सामग्री और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है. अधिकारियों द्वारा जब्त सामग्री की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि नकली दवाओं की सप्लाई किन-किन राज्यों और बाजारों में की जा रही थी. इस मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है. साथ ही नकली दवाओं के निर्माण और वितरण से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.


