गाजियाबाद. हरिद्वार में गंगा स्नान और धार्मिक दर्शन के लिए निकला एक परिवार रास्ते में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया. नई खरीदी गई बोलेरो पिकअप की सामने से आ रहे ट्रक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए. इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

इसे भी पढ़ें- UP के बुनकरों के लिए बड़ी खुशखबरी! बिजली योजना में होगा बड़ा बदलाव

पहली धार्मिक यात्रा ही बन गई आखिरी

जानकारी के मुताबिक परिवार ने हाल ही में नई बोलेरो खरीदी थी. पहली बार सभी लोग उसी वाहन से हरिद्वार गंगा स्नान और धार्मिक दर्शन के लिए निकले थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि श्रद्धा की यह यात्रा कुछ ही घंटों में मातम में बदल जाएगी. हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है.

रात 12:30 बजे हुआ भीषण हादसा

मोदीनगर के एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि मंगलवार रात करीब 12:30 बजे कंट्रोल रूम को निवाड़ी क्षेत्र में ट्रक और बोलेरो पिकअप की टक्कर की सूचना मिली. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. हादसे के चलते कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा.

ट्रक चालक और क्लीनर हिरासत में

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर उसके चालक और क्लीनर को हिरासत में ले लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही, सड़क की स्थिति या किसी अन्य तकनीकी कारण से हुआ. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं.

इसे भी पढ़ें- एक प्रधान को हटाकर प्रधानमंत्री को…संसद में पेपर लीक को लेकर मोदी सरकार पर बरसे अखिलेश यादव, जानिए ऐसा क्या कहा?

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. नई गाड़ी की पहली यात्रा ही आखिरी साबित हुई. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, जबकि घायलों के बेहतर इलाज के लिए अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं.