गाजियाबाद. उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी (नागरिक पुलिस) भर्ती की शारीरिक परीक्षा के दौरान गाजियाबाद में दो अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. दोनों अभ्यर्थी गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी के मैदान में आयोजित दौड़ में शामिल हुए थे. एक अभ्यर्थी की सोमवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में, जबकि दूसरे की मंगलवार को गाजियाबाद के संयुक्त जिला अस्पताल में मौत हुई.
इसे भी पढ़ें- बिना लाल टोपी के दिखे अखिलेश यादव, सपा नेताओं ने शेयर की तस्वीर; सोशल मीडिया पर छाया नया लुक
तीन अक्टूबर से चल रही थी आरक्षी भर्ती की दौड़
डीसीपी मुख्यालय बलवंत चौधरी के मुताबिक, 47वीं वाहिनी पीएसी के मैदान में तीन अक्टूबर से आरक्षी भर्ती की शारीरिक परीक्षा के तहत दौड़ आयोजित की जा रही है. सोमवार सुबह दौड़ के दौरान मथुरा निवासी अतुल कुमार (25) अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. उन्हें तत्काल संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
दौड़ पूरी करते समय विवेक की बिगड़ी तबीयत
मंगलवार सुबह शामली निवासी विवेक कुमार राणा (23) भी दौड़ पूरी करते समय अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. उन्हें आनन-फानन में संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. लगातार दो दिनों में दो अभ्यर्थियों की मौत से भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.
छह राउंड पूरे कर चुका था विवेक
विवेक के पिता बालेंद्र राणा किसान हैं. उन्होंने बताया कि बेटे ने दो साल पहले शामली के ऊन से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी. पुलिस भर्ती में विवेक के 266 अंक आए थे. वह शारीरिक परीक्षा में नौ राउंड में से छह राउंड पूरे कर चुका था. इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ा.
इसे भी पढ़ें- पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी अर्टिगा, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत; 3 घायल
होश आया तो फिर दौड़ने लगा, दोबारा गिरा
परिजनों के मुताबिक, बेहोश होने के बाद विवेक को कुछ देर में होश आया. उसने बल्ली का सहारा लेकर खड़े होने की कोशिश की और फिर तेज दौड़ने लगा. हालांकि, कुछ ही देर बाद वह दोबारा अचेत होकर लड़खड़ाते हुए गिर पड़ा. इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. विवेक के पिता ने कहा कि उन्होंने बेटे को पुलिस की वर्दी में देखने का सपना संजोया था, लेकिन यह सपना पूरा होने से पहले ही बेटे की मौत हो गई. अतुल और विवेक की मौत के बाद उनके परिवारों में मातम पसरा है.

