गाजीपुर. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम में यूपी के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शिरकत की. मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे राजभर ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और महात्मा गांधी तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद किया. कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने ‘वंदे मातरम’ को लेकर बड़ा बयान दिया.

इसे भी पढ़ें- CM योगी ने अफसरों को उतारा मैदान में, 24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश

‘भारत में रहना है तो सभी को वंदे मातरम कहना होगा’

मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि भारत में रहना है तो सभी को ‘वंदे मातरम’ कहना होगा. उन्होंने कहा कि देश संविधान के अनुसार चलेगा और हर नागरिक को संविधान का सम्मान करना चाहिए. राजभर के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिए गए इस बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने की संभावना है.

गांधी और आंबेडकर के योगदान को किया याद

कार्यक्रम में राजभर ने महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए स्वतंत्रता आंदोलन का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद देश को आजादी मिली. उन्होंने महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने का भी जिक्र किया और कहा कि यह सपना अभी पूरी तरह साकार नहीं हुआ है. उन्होंने देशवासियों से मिलकर स्वच्छता के लक्ष्य को पूरा करने की अपील की.

संविधान का सम्मान करने की अपील

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि देश संविधान से चलेगा. भारत के प्रत्येक नागरिक को संविधान का सम्मान करना चाहिए. उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के साथ-साथ देश के लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने पर जोर दिया. राजभर ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं को बराबरी का अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

इसे भी पढ़ें- विरासत को संवारने की तैयारीः अयोध्या के सैकड़ों साल पुराने राजकीय पुस्तकालय का होगा जीर्णोद्धार, 3.23 करोड़ से बनेगी आधुनिक गैलरी

महिला आरक्षण पर भी बोले राजभर

महिला अधिकारों के सवाल पर राजभर ने महिला आरक्षण का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर ने महिलाओं को समान अधिकार दिलाने का काम किया. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि वर्ष 2029 तक महिला आरक्षण से जुड़ा प्रावधान संसद में पारित होने के साथ लागू हों. ओमप्रकाश राजभर गाजीपुर ऑडिटोरियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने पहुंचे थे.