लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून की तेज बारिश और आकाशीय बिजली से हो रहे नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्शन मोड में आ गए हैं. प्रदेश के सभी 75 जिलों में मौसम विभाग के अलर्ट के बीच मुख्यमंत्री ने शासन और प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं.
सीएम योगी ने अधिकारियों से साफ कहा है कि आपदा की इस स्थिति में अफसर कार्यालयों में बैठकर काम न करें, बल्कि खुद मौके पर पहुंचकर प्रभावित लोगों की मदद करें. उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी है.
इसे भी पढ़ें- सांसद बताएंगे 27 का मूड! नितिन नबीन का वन-टू-वन फीडबैक अभियान, कमजोर सीटों और नाराजगी की होगी पहचान
अतिवृष्टि और बिजली गिरने से नुकसान का होगा सर्वे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति और फसलों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी खुद प्रभावित क्षेत्रों में जाकर स्थिति का जायजा लें और पीड़ित परिवारों से बातचीत करें. सीएम ने निर्देश दिया कि नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर सरकारी सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए.
75 जिलों में बारिश अलर्ट, प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश
प्रदेश में मानसून सक्रिय होने के बाद कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में तेज बारिश के कारण जलभराव, नदियों के बढ़ते जलस्तर और अन्य परेशानियां सामने आ रही हैं. मुख्यमंत्री ने जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह राहत कार्यों की निगरानी खुद करें और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें.
सीएम योगी की जनता से अपील- खराब मौसम में रहें सावधान
भारी बारिश और आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों से भी सावधानी बरतने की अपील की है. उन्होंने लोगों से कहा है कि खराब मौसम और बिजली चमकने के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें. खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और असुरक्षित जगहों पर खड़े होने से बचें. सीएम ने नदियों और जलाशयों में बढ़ते पानी को देखते हुए लोगों से वहां जाने या स्नान करने से बचने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें- नाव की व्यवस्था करवा दीजिए ब्रजेश पाठक जी! CHC में भरा घुटनों तक पानी, मरीजों का हाल-बेहाल, बारिश में बहा योगी सरकार का विकास
राहत कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की घड़ी में सरकार की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और उन्हें तत्काल सहायता पहुंचाना है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी मदद उपलब्ध कराई जाए. सीएम योगी ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वह जनता के बीच मौजूद रहें और हर जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं और सहायता का लाभ पहुंचाएं.


