गाजीपुर में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर बुधवार सुबह जमानियां और धीना स्टेशन के बीच पटरी टूटने के बावजूद तेजस राजधानी एक्सप्रेस वहां से गुजर गई. चालक की सूचना के बाद कई ट्रेनों को रोका गया और मरम्मत के बाद सुबह छह बजे सीमित गति के साथ रेल परिचालन बहाल किया गया.

गाजीपुर. बुधवार तड़के दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर जमानियां और धीना स्टेशन के बीच पटरी क्षतिग्रस्त होने के बावजूद तेजस राजधानी एक्सप्रेस गुजर गई. ट्रेन के चालक को झटका महसूस हुआ तो उसने जमानियां स्टेशन को सूचना दी, जिसके बाद रेलवे प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए पीछे से आ रही कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया. मरम्मत के बाद सुबह छह बजे रेल परिचालन बहाल किया गया.

चालक ने दी सूचना

रेलवे के अनुसार, बुधवार सुबह करीब चार बजे किलोमीटर संख्या 719 के पास पटरी टूटी हुई मिली. इसी दौरान 20501 अगरतल्ला-आनंद विहार तेजस राजधानी एक्सप्रेस उस हिस्से से गुजर गई.

चालक ने झटका महसूस करने के बाद जमानियां स्टेशन को जानकारी दी. इसके बाद दानापुर नियंत्रण कक्ष को भी सूचित किया गया. घटना की जानकारी मिलते ही रेल विभाग में हलचल तेज हो गई.

मरम्मत के बाद परिचालन शुरू

सूचना मिलने पर रेल पथ विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे. टीम ने टूटी पटरी की मरम्मत के लिए वेल्डिंग क्लैंप लगाया और सुबह छह बजे ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू कराया.

हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों को 30 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति सीमा के कॉशन पर चलाया गया. मरम्मत के बाद भी इस हिस्से से गुजरने वाली ट्रेनों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए.

कई स्टेशनों पर रोकी गईं ट्रेनें

पटरी टूटने की सूचना के बाद कई ट्रेनों को एहतियातन अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा. राजगीर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जा रही 13201 बॉम्बे जनता एक्सप्रेस को जमानियां, सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस को दिलदारनगर और एलटीटी मुंबई फेयर स्पेशल व बक्सर-डीडीयू मेमू को भदौरा स्टेशन पर रोका गया.

वहीं, अहमदाबाद एक्सप्रेस को दरौली स्टेशन पर रोककर रखा गया. ट्रेनों के रुकने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

स्टेशन मास्टर आदित्य कुमार ने बताया कि राजधानी एक्सप्रेस के चालक से पटरी टूटने की सूचना मिलने के बाद तत्काल कदम उठाए गए. मरम्मत पूरी होने पर ट्रेनों को कॉशन के साथ चलाना शुरू किया गया.